
इन्दौर। आज सुबह यशवंत क्लब (Yashwant Club) की बाउंड्रीवाल (Boundary wall) के आसपास के हिस्सों में कुछ आपत्तिजनक नारों (Objectionable slogans) के साथ-साथ पीएम मोदी (PM Modi) के साथ अडानी-अंबानी (Adani-Ambani) के चित्रों को गलत ढंग से प्रस्तुत करते हुए दीवारों पर बना दिया गया। मार्निंग वाक करने वाले लोग इन चित्रों को देखकर चौंक गए और जब कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को मामले की जानकारी लगी तो भीड़ जमा हो गई।

मौके पर पुलिस और कई अधिकारी भी पहुंच गए। इसी बीच नगर निगम के अधिकारियों ने पेंटर बुलाकर वहां लिखे गए नारे और चित्र पुतवाना शुरू कर दिए। वायएन रोड की कल्पतरु बिल्डिंग के आसपास भी ऐसे ही नारे लिखे पाए गए, जिन्हें पोता गया।
यहां बने चित्रों को मार्निंग वाक करने वाले लोगों ने सबसे पहले देखा, जहां चित्रों के साथ अंग्रेजी में कुछ आपत्तिजनक नारे भी लिखे हुए थे। इस बात की सूचना मिलते ही वहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए और मामले की सूचना तुकोगंज पुलिस को दी गई तो कई अधिकारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पाया कि करीब चार से पांच जगह ऐसे नारे लिखे हैं और चित्र बनाए गए थे। एमआईसी मेंबर नंदकिशोर पहाड़िया ने वहां कुछ निगम अधिकारियों से कहकर कुछ पेंटरों को बुलवाया और नारे और चित्र पुतवाने का काम शुरू करवाया। पुलिस के मुताबिक यशवंत क्लब की बाउंड्रीवाल पर संभवत: रात में कुछ लोगों द्वारा यह कृत्य किया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं पुलिस के बड़़े अधिकारी भी मौके पर पड़ताल कर रहे हैं।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved