
वाशिंगटन। अमेरिका (America) की राजधानी वॉशिंगटन में आयोजित वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (White House Correspondents Dinner) के दौरान फायरिंग (Firing) के बाद हड़कंप मच गया। घटना के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ड लेडी मेलानिया मंच पर मौजूद थे। फायरिंग के बाद सीक्रेट सर्विस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य शीर्ष नेताओं को तुरंत बाहर निकाल लिया।
इस कार्यक्रम में मौजूद समाचार एजेंसी की रिपोर्टर रीना भारद्वाज ने इस पूरी घटना का आंखों देखा हाल बयां किया है। उन्होंने बताया कि हम राष्ट्रपति ट्रंप के साथ डिनर कर रहे थे। जश्न के माहौल के बीच अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसे पहले लोगों ने बर्तन गिरने की सामान्य आवाज समझा, लेकिन देखते ही देखते भगदड़ मच गई और अपनी जान बचाने के लिए वेटर्स खाने की ट्रे छोड़कर भागने लगे।
उन्होंने आगे कहा,” मुझे लगा कि कुछ गड़बड़ है और सुरक्षा में चूक हुई है। सभी लोग मेजों के नीचे छिपने लगे और जमीन पर लेट गए। यह सिलसिला 5-10 मिनट तक चला। जब मैं उठी और मुझे लगा कि मैं सुरक्षित हूं, तो मैंने मंच की ओर देखा। राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित थे, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प को भी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया था। कुछ ही पलों में सीक्रेट सर्विस के कमांडो लंबी बंदूकों (असॉल्ट राइफलों) के साथ स्टेज पर पोजीशन ले चुके थे और पूरे होटल को एक अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया था।”
रीना भारद्वाज ने कहा कि लगभग 12-13 मिनट बाद कैबिनेट सदस्य स्कॉट बेसेंट, पीट हेगेस्थ, काश पटेल को बाहर ले जाया गया। कैरोलीन लीविट को भी बाहर ले जाया गया। इस तरह, सभी कैबिनेट सदस्यों को यहां से बाहर ले जाया गया। लगभग 30-35 मिनट बाद होटल को सील कर दिया गया। इसके बाद, घोषणा की गई कि कार्यक्रम अब रोक दिया जाएगा और स्थगित कर दिया जाएगा।
सीक्रेट सर्विस ने क्या दी जानकारी?
सीक्रेट सर्विस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह फायरिंग होटल के मुख्य मैग्नेटोमीटर स्क्रीनिंग एरिया (चेकिंग गेट) के पास हुई। सुरक्षा बलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को सुरक्षित घेरे में लेकर तुरंत वहां से बाहर निकाला। राष्ट्रपति के साथ ही उनकी कैबिनेट के प्रमुख सदस्य, जिनमें काश पटेल, स्कॉट बेसेंट और पीट हेगसेथ शामिल थे, उन्हें भी आनन-फानन में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
शूटर गिरफ्तार
सुरक्षा एजेंसियों ने पुष्टि की है कि फायरिंग करने वाले एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस हमले के पीछे की साजिश और हमलावर के मकसद की गहन जांच की जा रही है, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में राष्ट्रपति और उनकी टीम पूरी तरह सुरक्षित है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved