
टोलेडो. अमेरिकी (USA) राज्य ओहियो (Ohio) में गोलीबारी की घटना सामने आई है. यहां के टोलेडो शहर में आयोजित एक फेस्टिवल इवेंट (Festival Event) के पास हुई गोलीबारी (Firing) में कई लोग घायल हो गए हैं. पुलिस ने बताया कि वह इस घटना में शामिल एक या एक से अधिक संदिग्धों की तलाश कर रही है. टोलेडो पुलिस के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:37 बजे ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के पास गोलीबारी की सूचना मिली.
मौके पर पहुंची पुलिस को कई लोग गोली लगने से घायल मिले. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. टोलेडो के मेयर वेड कैप्सजुकिविज ने स्थानीय मीडिया ‘WTOL 11’ को बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 12 लोगों को गोली लगी है. सभी खतरे से बाहर बताए गए हैं. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में गोली चलने की आवाजों के बीच लोगों को भागते और चीखते हुए देखा जा सकता है.
टोलेडो के मेयर ने कहा, ‘गर्मी के मौसम में आयोजित होने वाले फेस्टिवल परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए, जहां लोग बिना किसी डर के समय बिता सकें. मैं और मेरी पत्नी फ्रैन इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और हमें विश्वास है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस निरर्थक हिंसा में शामिल आरोपियों को जल्द पकड़ लेंगी.’ ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल खुद को ओहियो के सबसे बड़े फेस्टिवल के रूप में प्रस्तुत करता है.
इस फेस्टिवल का आयोजन दो दिन के लिए होता है, जिसमें लाइव म्यूजिक, फूड मार्केट, बीयर गार्डन, ऐतिहासिक घरों के भ्रमण और खरीदारी जैसी गतिविधियां शामिल होती हैं. पुलिस के मुताबिक, जांच फिलहाल डेलावेयर एवेन्यू और रॉबिनवुड एवेन्यू के आसपास केंद्रित है. फेस्टिवल की वेबसाइट के नक्शे के मुताबिक, इसी चौराहे पर संगीत और खाद्य स्टॉल का प्रमुख क्षेत्र स्थित था.
सोशल मीडिया पर सामने आए अन्य वीडियो में दो लोगों को स्ट्रेचर पर ले जाते हुए और कई घायलों को एक टेंट के पास घास पर लेटा हुआ देखा जा सकता है. ओहियो के गवर्नर माइक डिवाइन ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, ‘मैं आज रात टोलेडो की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हूं.’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved