ब्‍लॉगर

संकल्प यात्रा में अव्वल उत्तर प्रदेश

– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

पिछले छह वर्ष में देश- दुनिया में उत्तर प्रदेश की सकारात्मक छवि का निर्माण हुआ है। लोक कल्याण की 50 से अधिक योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश नंबर वन है। विकसित भारत संकल्प यात्रा में भी उत्तर प्रदेश की बढ़त कायम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर को झारखंड के खूंटी से विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी। इस यात्रा के माध्यम से सरकार अपनी महत्वाकांक्षी पहल और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। इसका उद्देश्य सरकार और लोगों के बीच की दूरी को पाटना, समुदायों को सशक्त बनाना और एक समावेशी और विकासशील भारत की नींव रखना है। विकसित भारत संकल्प यात्रा में भागीदारी की दृष्टि से उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।

करीब एक करोड़ प्रतिभागियों के साथ उत्तर प्रदेश अग्रणी है। उसके बाद महाराष्ट्र है। गुजरात तीसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह इन यात्राओं में सहभागी हो रहे हैं। योगी आदित्यनाथ का कहना है कि पहले जो सपने थे, वह आज साकार हो रहे हैं। प्रदेश में अब तक पचपन लाख गरीबों के लिए घर बनाए गए हैं। दस करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। हर गरीब को अगले पांच साल तक फ्री राशन की सुविधा दी जा रही है। ये सब मोदी की गारंटी है।


भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मोदी की गारंटी है। ये शत-प्रतिशत क्रियान्वित होने वाली गारंटी है। इसके बाद हम सभी भारतीयों का संकल्प होना चाहिए कि हमारा देश, दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बने। इसके लिए आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद और भ्रष्टाचार को समाप्त करना होगा। विकास की बड़ी योजनाएं मूर्त रूप ले रही हैं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के गांव, गरीब, किसान, महिला और नौजवानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शत-प्रतिशत जनता को योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए गांव-गांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है।

योजनाओं से संबंधित स्टॉल, योजनाओं के फॉर्म और स्वास्थ्य मेला आदि का आयोजन हो रहा है। सभी लोगों को इस यात्रा में जुड़कर योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। आजमगढ़ में योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों का उल्लेख किया। विकास ने आजमगढ़ की छवि बदल दी है। यहां निर्माणाधीन महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जनवरी में पूरा हो जाएगा। इसके अलावा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, संगीत महाविद्यालय, एयरपोर्ट जैसी योजनाएं आजमगढ़ को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने वाली साबित होंगी। आजमगढ़ में आज भय और आतंक नहीं, बल्कि विकास और संगीत की सुंदर लहरियां गूंज रही हैं। डबल इंजन की सरकार पूरी मजबूती के साथ जनता के हितों की रक्षा करने के लिए आई है।

प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है, जिससे रोजगार के नये अवसरों का सृजन होगा। जिन्हें योजनाओं का लाभ अब तक नहीं मिला है, उनके लिए ही इस विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा में लोगों की भागीदारी दो करोड़ के पार हो गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में पिछले सात दिनों में ही लोगों की भागीदारी दोगुनी हो गई है। एक हफ्ते पहले इन यात्राओं में एक करोड़ से अधिक लोगों ने भाग लिया था। लेकिन अब यह संख्या दो करोड़ हो गई है।

यात्रा लगभग साठ हजार ग्राम पंचायतों तक पहुंच चुकी है। यात्रा की मेरी कहानी, मेरी जुबानी पहल के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों ने अपने अनुभवों और आकांक्षाओं को साझा किया है। इस विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें अब तक बयालीस लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। यात्रा के दौरान करीब तीस हजार ग्राम पंचायतों में आयुष्मान कार्ड में शत प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया है। करीब बीस हजार ग्राम पंचायतें ‘हर घर जल’ योजना से जुड़ चुकी हैं। करीब पैंतीस हजार ग्राम पंचायतों ने भूमि रिकॉर्ड का पूर्ण डिजिटलीकरण कर लिया गया है।

स्वच्छ भारत पहल के तहत करीब दस ग्राम पंचायतें ओडीएफ प्लस मॉडल मानदंडों को पूरा करती हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके बने मकान का मालिकाना हक स्वामित्व योजना के माध्यम से दिलाने के कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। स्वामित्व योजना के अन्तर्गत अब तक 75 लाख परिवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। पचास लाख लोगों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन करने के लिए आई है। इसके अन्तर्गत युवाओं को रोजगार, किसानों को उनकी उपज की गारण्टी, प्रत्येक हस्तशिल्पी की कला को सम्मान मिलेगा। प्रत्येक व्यापारी तथा बहन बेटियों को सुरक्षा की गारंटी दी जाएगी। सुशासन और सुरक्षा से समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोगों को बता रहे हैं कि प्रदर्शनी का अवलोकन करें। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी अपना नाम चेक कर कार्ड बनवा सकते हैं। यदि नाम नहीं है तो इस बारे में जानकारी कर सकते हैं। पंडाल में जाकर अपनी समस्या बताएंगे और फॉर्म भरेंगे तो आपकी समस्या का समाधान निकलेगा।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

Share:

Next Post

इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय महिला टीम की बढ़त 478 रनों की हुई

Sat Dec 16 , 2023
नई दिल्ली (New Delhi)। नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे एकमात्र टेस्ट मैच (one-off Test match against England) के दूसरे दिन (second day) का खेल खत्म होने पर भारत (India) ने 6 विकेट पर 186 रन (scored 186 runs for 6 wickets) बना लिए हैं। कप्तान हरमनप्रीत […]