
नई दिल्ली । केरल के नए मुख्यमंत्री के रुप में (As new Chief Minister of Kerala) वीडी सतीशन ने शपथ ली (VD Sateeshan Sworn in) । तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने उन्हें शपथ दिलाई । शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडी सतीशन ने केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने केरलम की नई सरकार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर वीडी सतीशन जी को बधाई। उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं। केंद्र सरकार, नवगठित केरलम सरकार को लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में हर संभव सहयोग का आश्वासन देती है।”
वीडी सतीशन के अलावा उनके 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी इस भव्य समारोह में शपथ ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख सनी जोसेफ ने शपथ ली। इसके अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) नेता पीके कुन्हालीकुट्टी, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) नेता शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस नेता मॉन्स जोसेफ, केरल कांग्रेस (जैकब) नेता अनूप जैकब और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीएमपी) नेता सीपी जॉन ने शपथ ली।
कांग्रेस नेताओं ने इस शपथ ग्रहण को केरल में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत के रूप में वर्णित किया हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस अवसर पर कहा कि ये केरल की ऐतिहासिक जीत है और हम सभी को इसकी बहुत खुशी है। उन्होंने कहा कि केरल के लोगों के लिए बहुत खास दिन है क्योंकि 10 साल के बाद यूडीएफ सत्ता में आ रही है। एलडीएफ का 10 साल का शासन जनता ने अस्वीकार कर दिया है। अब ये हमारी जिम्मेदारी है कि केरल के लोगों को अच्छी सरकार दें।
बता दें कि हाल ही में संपन्न चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने जबरदस्त वापसी करते हुए 140 सदस्यों वाली विधानसभा में 102 सीटें जीतीं, जबकि अकेले कांग्रेस ने रिकॉर्ड 63 सीटें हासिल कीं, जो राज्य में उसका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved