
जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत खजरी खिरिया बाईपास पर रविवार रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाईवा ने आगे चल रहे स्कूटी सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी तीव्र थी कि स्कूटी सीधे हाईवा के निचले हिस्से में फंस गई और लगभग 50 मीटर तक सड़क पर रगड़ाती हुई चली गई।
इस घर्षण के कारण अचानक लगी आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों ने साहस दिखाते हुए फंसे हुए घायल युवक को तुरंत बाहर निकाला। सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी अपूर्वा चौरसिया और हनुमानताल पुलिस बल ने दमकल विभाग के साथ मोर्चा संभाला। गंभीर रूप से जख्मी युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। हादसे के बाद स्कूटी के हाईवा के नीचे फंसकर खिंचने से ईंधन टैंक फट गया और सड़क पर चिंगारियां उठने से दोनों वाहनों में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद इस आग को पूरी तरह शांत किया। माढ़ोताल थाना पुलिस ने दुर्घटना का कारण बने हाईवा को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृत युवक के शव का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी गई है और फरार चालक को पकडऩे के लिए टीमें रवाना की गई हैं।