
ताल्लिन। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की मंगलवार को एस्टोनिया पहुंचे। वह यहां नॉर्डिक और बाल्टिक देशों के नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और एस्टोनियाई समकक्ष अलार कारिस से मुलाकात करेंगे। एस्टोनिया के सरकारी प्रसारक ईआरआर ने यह जानकारी दी। एस्टोनिया की राजधानी ताल्लिन में इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस समय एस्टोनिया एनबी8 समूह की अध्यक्षता कर रहा है। एनबी8 में पांच नॉर्डिक और तीन बाल्टिक देश शामिल हैं। सम्मेलन में इन देशों के प्रधानमंत्रियों के साथ जेलेंस्की भी शामिल हुए हैं।
जेलेंस्की के साथ उनकी पत्नी ओलेना जेलेंस्का भी एस्टोनिया पहुंची हैं। एस्टोनिया के विदेश मंत्रालय ने स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट की। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब यूक्रेनी ड्रोन हमलों को लेकर इलाके में तनाव बढ़ा हुआ है। पिछले कुछ महीनों में कई यूक्रेनी ड्रोन गलती से इस क्षेत्र में पहुंचे हैं। वहीं, यूक्रेन ने बाल्टिक सागर के उन बंदरगाहों पर हमले तेज कर दिए हैं, जहां से रूस तेल का निर्यात करता है। यूक्रेन चाहता है कि इन हमलों से रूस को आर्थिक नुकसान हो और उस पर युद्ध खत्म करने का दबाव बढ़े।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved