
वृंदावन। वृंदावन (Vrindavan) के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर (Thakur Banke Bihari Temple) रखी अलमारी और बक्सों का राज अब बाहर आ सकेगा। मंदिर कॉरिडोर (Temple Corridor) के लिए बनी हाईपावर्ड कमेटी (High-powered Committee) ने इन आलमारी और बक्सों को खोलने का फैसला किया है। दशकों बाद इन्हें खोला जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही ठाकुरजी के 200 किलो के स्वर्ण जणित झूला का जीर्णोद्धार कराया जायेगा। मंगलवार को हुई हाई पावर्ड टेम्पल मैनेजमेंट कमेटी की 16वीं बैठक में कई फैसले लिए गए। अतिक्रमण हटाने और ई-रिक्शा संचालन पर अंकुश का भी फैसला किया गया है।
चार गोस्वामी का किया गया चयन
लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त जज अशोक कुमार ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार चार गोस्वामीगण का चयन किया गया, जिनमें एक गोस्वामी पुराने हैं। तीन नये गोस्वामियों को कमेटी में मेंबर बनाया गया है, जो बैठक में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि जानकारी सामने आई है कि मंदिर के पास बिक रहा मावा की बड़ी खेप जनपद के गांव सेही से आ रही है। मावा की गुणवत्ता ऐसी है कि उसे कुत्ता बंदर भी नहीं खा सकते और लोग भोग लगाकर उसका सेवन कर रहे हैं।
निधिवन मंदिर की सेवा पुराने सेवायत को ही मिला
सम्बंधित अधिकारी को निर्देश दिये हैं कि सेही में जाकर कार्रवाई की जाए। अध्यक्ष ने बताया कि निधिवन मंदिर की सेवा का ठेका पूर्व से चले रहे सेवायत को ही मिला है। 13 करोड़ में टेंडर उठा है। यह अकेले ही थे जिन्होंने टेंडर डाला था। उन्होंने बताया कि बैठक में पुरातत्व विभाग ने अपनी रिपोर्ट दी जिसमें बताया कि मंदिर में ऐसी कोई बात नहीं है जिससे उसकी सुरक्षा और संरक्षा पर सवाल हो। पुरातत्व विभाग के अलावा आईआईटी रुड़की की टीम ने भी ऐसी कोई आशंका नहीं जताई है जोकि प्रसारित की जा रही है।
ई-रिक्शा पर अंकुश की तैयारी
अध्यक्ष ने कहा कि ई-रिक्शों के कारण जाम की समस्या बन रही है और इनके द्वारा मनमानी किराया वसूल किया जा रहा है। रिक्शों को व्यवस्थित चलाने और किराया निर्धारित कर रिक्शा पर चस्पा करने के सम्बन्ध में एआरटीओ को निर्देशित किया गया है। अध्यक्ष ने बिहारीजी मंदिर मार्ग और अन्य मंदिरों के आसपास अतिक्रमण पर भी चिंता जताते हुए सम्बंधित अधिकारियों को सड़क और फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि बांके बिहारी मंदिर के आसपास के व्यापारी मिलना चाह रहे हैं। इसके लिए बुधवार को शाम पांच बजे उनसे मुलाकात की जाएगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति/अध्यक्ष अशोक कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त)/सदस्य मुकेश मिश्रा, जिला मजिस्ट्रेट/कलेक्टर/सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/सदस्य श्लोक कुमार, नगर आयुक्त/सदस्य जग प्रवेश, उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण/सदस्य लक्ष्मी एन, राजभोग समूह से शैलेन्द्र गोस्वामी एवं रजत गोस्वामी, शयनभोग समूह से गोपेश गोस्वामी एवं हिमांशु गोस्वामी उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved