
नागपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Chief Minister Arvind Kejriwal) ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) (Aam Aadmi Party (AAP)) को दंगा, भ्रष्टाचार और बदमाशी नहीं आती। हम केवल स्कूल और अस्पताल बनाना जानते हैं। नागपुर के भट सभागार में आयोजित एक मीडिया संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह में शिरकत करते हुए केजरीवाल ने यह बातें कही।
केजरीवाल ने कहा कि हम भारत माता के लिए राजनीति में आए हैं। सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि देश को बचाने के लिए राजनीति में प्रवेश किया है। मैं भगवान से दो चीजें मांगता हूं। एक यह है कि भारत हमेशा दुनिया में नंबर एक देश होना चाहिए। दूसरा यह कि जब तक भारत दुनिया का नंबर एक देश नहीं बन जाता, तब तक मैं मरना नहीं चाहता।
इस दौरान केजरीवाल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में एक ऐसी पार्टी है, जो पूरे देश में दंगे कराती है, पार्टी में गुंडे और ठग शामिल होते हैं। दंगा चाहते हो तो उनके साथ जाओ, स्कूल और अस्पताल चाहिए तो हमारे साथ आओ। आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव जीतना हमारा लक्ष्य नहीं है। आम आदमी पार्टी करियर बनाने नहीं, बल्कि हमारे लोग करियर छोड़ कर जनसेवा के लिए आए हैं।
केजरीवाल ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र में सरकारी स्कूलों की हालत बहुत खराब है। शुरुआत में दिल्ली के स्कूलों का यही हाल था, अब यह स्थिति बदल गई है। सरकारी स्कूलों में बारहवीं का रिजल्ट 97 फीसदी है। उन्होंने कहा कि करीब चार लाख छात्र निजी स्कूलों से सरकारी स्कूलों में आए। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved