इंदौर न्यूज़ (Indore News)

स्वागत है शहर सरकार, जनता का मित्र बनने की चुनौतियों का आज से ही श्रीगणेश

  • खजाना है खाली और उम्मीदें हैं ढेर सारी… 85 पार्षदों के साथ नेताओं-रसूखदारों को साधना भी नहीं होगा आसान – स्वच्छता सहित अन्य तमगों को भी रखना होगा बरकरार
  • अब देखना है कि वाकई भार्गव जनता के मित्र कितने साबित होते हैं

इंदौर, राजेश ज्वेल। शहर सरकार का सफर आज शपथ ग्रहण के साथ शुरू हो जाएगा। बीते लगभग ढाई सालों से तो नगर निगम में अफसरों का ही राज चलता रहा है। अब 85 वार्ड पार्षदों के साथ महापौर की भी ताजपोशी हो रही है, जिनके हाथ में जनता से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को हल करने की चुनौतियां हैं। नगर निगम का खजाना तो खाली है ही, वहीं जनता की उम्मीदें ढेर सारी हैं और चुनाव लड़ते वक्त नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुद को जनता का मित्र बताया। अब उसका भी श्रीगणेश आज से ही हो रहा है। निगम को नेताओं-रसूखदारों से बचाने की चुनौती भी कम नहीं रहेगी। वहीं भाजपा में भी जो भीषण गुटबाजी है उसका भी मुकाबला पुष्यमित्र को करना पड़ेगा। अधिवक्ता के रूप में तो वे सफल रहे, मगर उनकी प्रशासनिक क्षमता का आंकलन अगले कुछ दिनों-महीनों में स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल तो स्वागत है शहर सरकार का…

नगर निगम से आम जनता को सबसे अधिक उम्मीदें इसलिए रहती है कि सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक की अधिकांश सुविधाएं-समस्याएं निगम से ही जुड़ी रहती हैं। सडक़, ड्रैनेज, पानी, प्रकाश, साफ-सफाई से लेकर तमाम सुविधाएं निगम को ही मुहैया करवाना पड़ती है। पुष्यमित्र भार्गव इंदौर के 24वें महापौर के रूप में आज शाम 5 बजे शपथ ले रहे हैं। उनके साथ भाजपा के 64 पार्षद भी शपथ लेंगे। वहीं बचे कांग्रेसी व अन्य पार्षदों की शपथ कल अलग से कलेक्टर मनीष सिंह दिलवाएंगे। चुनाव प्रचार के दौरान पुष्यमित्र ने लगातार खुद को जनता का मित्र ही बताया और अब उसे साबित करने की घड़ी भी आ गई है। आज शपथ ग्रहण के साथ ही शहर सरकार की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। नगर निगम में नेताओं का बोलबाला रहा है। सांसद, विधायक, मंत्री से लेकर सभी नेता, पदाधिकारी और तमाम कार्यकर्ताओं की रुचि निगम से जुड़े कार्यों में रहती है।


इंदौर चूंकि रियल इस्टेट का भी सबसे बड़ा गढ़ है, लिहाजा बिल्डर-कालोनाइजरों से संबंधित पूरी गतिविधियों का केन्द्र भी नगर निगम रहता है, जिसके चलते पार्षदों से लेकर महापौर पर भी इस लॉबी का दबाव-प्रभाव कम नहीं रहता। इसके साथ-साथ पुष्यमित्र भार्गव के सामने यह भी चुनौती रहेगी कि वे किसी गुट विशेष के मोहरे न कहलाएं, जो कि अभी चुनाव प्रचार के दौरान नजर भी आया और एक गुट विशेष द्वारा उन्हें खुद का उम्मीदवार भी प्रचारित किया गया। यही कारण है कि भोपाल में भी इसको लेकर हलचल रही और यहां तक कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी शपथ ग्रहण समारोह से किनारा किया। हालांकि बाद में वे आने को तैयार भी हुए, लेकिन ऐन वक्त तक उनका अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ। महापौर को चूंकि शासन-प्रशासन के साथ ही मिलकर काम करना पड़ेगा। लिहाजा यह उनके विवेक पर निर्भर करता है कि वे किसको कितनी तवज्जो दें।

हालांकि विधि विशेषज्ञ होने के नाते वे नियम-कायदों को बखूबी समझते हैं, लेकिन प्रशासनिक क्षमता भी साबित करनी होगी। लगातार 5 बार स्वच्छता में नम्बर वन रहे इंदौर ने देश-दुनिया में नाम कमाया और कई अन्य तमगे भी हासिल किए हैं, जिसे बरकरार रखना भी शहर सरकरा की नई टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा। फिलहाल तो यातायात, खेल सहित नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने का दावा महापौर और उनकी टीम करती रही है। फिलहाल तो शहर सरकार का स्वागत है। अब देखना है कि वाकई भार्गव जनता के मित्र कितने साबित होते हैं, क्योंकि भार्गव के सामने भी कई चुनौतियां हैं, जिनका उन्हें लगातार सामना करना होगा। अब यहतो आने वाला वक्त ही बताएगा कि भार्गव इन समस्याओं का किसत रह से हल निकालते हैं और शहर के मित्र बनने की कसौटियां पर खरा उतरते हैं।

विधानसभावार इस तरह मिलेगा समारोह में प्रवेश
अभय प्रशाल में शाम 5 बजे आयोजित शहर सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभावार प्रवेश की व्यवस्था की गई है। अतिथियों और प्रबुद्ध वर्गों को दिए गए कार्ड के मुताबिक उनके प्रवेश गेट से एंट्री और बैठक व्यवस्था ग्राउंड फ्लोर पर रखी गई है। वहीं आम जनता की व्यवस्था गैलरी में रहेगी। विधानसभा 1 और 2 के लिए टॉवर ए, 3-4 के लिए बी, 5, सांवेर, देपालपुर, राऊ के लिए टॉवर सी सेप्रवेश होगा।

Share:

Next Post

राशन की दुकान पर 5 रुपए में मिलेगा 1 GB डाटा

Fri Aug 5 , 2022
14 दुकानों को पब्लिक डाटा आफिस बनाया,14 हजार कीमत के एम्प्लीफायर लगाए इंदौर।  उचित मूल्य की दुकानों (Fair Price Shops) पर अब सस्ती दरों पर नेट (Net) भी मिल सकेगा। विभाग (Department) ने नेट कनेक्टिविटी एवं वाईफाई (WiFi) की सेवाओं को सस्ता करने के साथ 14 दुकानों को वाईफाई फ्रेंडली (WiFi Friendly) बना दिया है। […]