img-fluid

मेघालय से लापता इंदौर कपल केस में पिछले 17 दिन में क्या-क्या हुआ… जानिए पूरी कहानी

June 09, 2025

इंदौर। 17 दिन बाद इंदौर कपल केस (Indore couple case) में नया ट्विस्ट आया है। इंदौर के राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी (Raja Raghuvanshi and his wife) हनीमून के लिए मेघालय (Meghalaya) गए। इस बीच दोनों लापता हो गए। बाद में राजा की लाश पुलिस को मिली वहीं उनकी पत्नी सोनम गायब थीं। अब सोनम को पुलिस ने यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सोनम ने खुद घरवालों को फोन करके अपनी लोकेशन बताई। इस केस में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन 17 दिनों में इस केस में कई मोड़ आए। हम इस केस की पूरी टाइमलाइन बता रहे हैं।


11 मई 2025: राजा रघुवंशी और सोनम की शादी मध्यप्रदेश के शादी इंदौर में धूमधाम से हुई। यह लव-कम-अरेंज्ड मैरिज थी, जिसकी योजना कई महीनों से चल रही थी।

20 मई 2025: राजा और सोनम हनीमून के लिए मेघालय के शिलांग रवाना हुए। शुरुआत में उन्होंने कश्मीर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन पहलगाम में आतंकी हमले के कारण मेघालय को चुना। वे बेंगलुरु और गुवाहाटी होते हुए शिलांग पहुंचे। गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर के दर्शन किए।

21 मई 2025: राजा और सोनम शिलांग के एक होमस्टे में चेक-इन करते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखे। वे रजिस्ट्री बुक के पास बातचीत करते नजर आए।

22 मई 2025: दोनों ने किराए पर एक एक्टिवा स्कूटी ली और शिलांग के आसपास घूमने निकले। होटल मैनेजर के अनुसार, उन्होंने कमरे के लिए पूछताछ की, सामान होमस्टे में छोड़ा, लेकिन चेक-इन नहीं किया और घूमने चले गए।

23 मई 2025: दोपहर सोनम ने अपनी सास से फोन पर 2 मिनट बात की। इसके बाद राजा ने भी अपनी मां से फोन पर बात की, जो उनकी आखिरी बातचीत थी। इसी दिन सोनम का अपनी सास के साथ आखिरी फोन कॉल हुआ। दोपहर 2:00 बजे के आसपास एक्टिवा की जीपीएस लोकेशन के अनुसार, गाड़ी की स्पीड जीरो हो गई। इसके बाद दोनों का मोबाइल फोन बंद हो गया, और परिवार से संपर्क टूट गया। वे सोहरा (चेरापूंजी) के नोंग्रीट गांव में डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज देखने गए थे।

24 मई 2025: राजा और सोनम का कोई संपर्क न होने पर परिवार परेशान हुआ। उनकी किराए की स्कूटी सोहरारिम में लावारिस हालत में मिली, जिसमें चाबियां लगी थीं। यह स्थान राजा के शव मिलने की जगह से 25 किलोमीटर दूर था।

25 मई 2025: परिवार ने इंदौर पुलिस और मेघालय पुलिस को सूचित किया। तलाशी अभियान शुरू हुआ।

29 मई 2025: ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से तलाशी जारी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। राजा और सोनम के दो बैग खाई में मिले, लेकिन मोबाइल, गहने, और पर्स गायब थे।

1 जून 2025: घने कोहरे के कारण तलाशी अभियान में रुकावट आई।

2 जून 2025: मेघालय पुलिस और एनडीआरएफ को वेईसावडॉन्ग झरने के पास 150-200 फीट गहरी खाई में राजा का सड़ा-गला शव मिला। शव की पहचान दाहिने हाथ पर ‘राजा’ टैटू से हुई। पास में एक ‘दाओ’ (बड़ा चाकू) मिला, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राजा की हत्या पेड़ काटने वाले हथियार से की गई। राजा के गहने (सोने की चेन, अंगूठी), मोबाइल, और पर्स गायब थे। मेघालय पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और विशेष जांच दल (SIT) गठित किया।

3 जून 2025: राजा का शव शिलांग के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया। परिवार और रघुवंशी समुदाय ने सीबीआई जांच की मांग की, स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। एक टूरिस्ट गाइड ने पुलिस को बताया कि राजा और सोनम को लापता होने से पहले तीन लोगों के साथ देखा गया था, जो हिंदी में बात कर रहे थे।

4 जून 2025: राजा का शव इंदौर लाया गया, जहां रीजनल पार्क मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार हुआ। परिवार और समुदाय ने सीबीआई जांच के लिए नारेबाजी की। मेघालय पुलिस ने ड्रोन और विशेष टीमों के साथ सोनम की तलाश जारी रखी।

5 जून 2025: पुलिस को एक रेनकोट और लाल-काले रंग की जैकेट मिली, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। सोनम के भाई गोविंद ने पुष्टि की कि जैकेट सोनम की नहीं थी। रघुवंशी समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की, यह आशंका जताई कि सोनम का अपहरण हो सकता है और बांग्लादेश सीमा के पास मानव तस्करी का खतरा है। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने SIT जांच की प्रगति की समीक्षा की और मामले की तह तक जाने का आश्वासन दिया।

6 जून 2025: पुलिस ने राजा का मोबाइल फोन, एक महिला की सफेद शर्ट, दवा की स्ट्रिप, स्मार्टवॉच, और मोबाइल स्क्रीन का हिस्सा बरामद किया। परिवार ने लूट और हत्या की आशंका जताई, क्योंकि राजा के गहने और नकदी गायब थे। सोनम के पिता ने शक जताया कि गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर से ही उनकी रेकी शुरू हुई थी।

8 जून 2025: सोनम के भाई गोविंद ने मेघालय पुलिस पर पर्याप्त प्रयास न करने का आरोप लगाया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खोजने का दावा किया, जिसमें राजा और सोनम होटल से निकलते दिखे। तीन संदिग्धों की जानकारी सामने आई, जिन्हें टूरिस्ट गाइड ने राजा और सोनम के साथ देखा था।

9 जून 2025: मेघालय पुलिस ने मध्य प्रदेश के तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया। सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद इंदौर पुलिस ने गाजीपुर पुलिस को सूचित किया। मेघालय पुलिस ने एक अन्य हमलावर की तलाश में अभियान जारी रखा। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने ट्वीट कर पुलिस की सफलता की जानकारी दी और सोनम के सरेंडर की पुष्टि की।

Share:

  • दूसरी दुनिया में जीवन के संकेत! एलियन के दावों पर वैज्ञानिकों में मतभेद

    Mon Jun 9 , 2025
    वाशिंगटन। क्या पृथ्वी (Earth) के अलावा भी किसी और ग्रह में जीवन है? वैज्ञानिक (Scientist) इस दावे से कभी इनकार तो नहीं करते, लेकिन इतने सालों की खोज के बाद भी पुख्ता सबूत नहीं मिल पाए हैं। इस बार वैज्ञानिकों को पृथ्वी से 124 प्रकाश वर्ष दूर स्थित K2-18b ग्रह पर जीवन के संकेत मिले […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved