
भोपाल। राजधानी भोपाल में नशे की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक बस में महिला यात्री के पास से 2.604 किलो मादक पदार्थ बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत 2.08 करोड़ रुपए आंकी गई है। महिला पर्स और बैग में बने गुप्त खानों में ड्रग्स छिपाकर ले जा रही थी। डीआरआई ने उसे गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया है।
खुफिया सूचना के आधार पर की कार्रवाई –
डीआरआई अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी कि दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सफर कर रही एक महिला यात्री अपने साथ मादक पदार्थ ले जा रही है। सूचना के आधार पर आज बुधवार तड़के भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर बस पहुंचते ही अधिकारियों ने महिला को रोककर तलाशी ली।
बैग और पर्स में बनाए थे गुप्त खाने –
तलाशी के दौरान महिला के बैकपैक के भीतर बने गुप्त खाने से प्लास्टिक की एक थैली बरामद हुई, जिसमें 1,885 ग्राम मादक पदार्थ रखा था। इसके बाद महिला के पर्स की जांच की गई तो उसके भीतर बने एक अन्य गुप्त खाने से 719 ग्राम मादक पदार्थ और मिला। इस तरह दोनों पैकेटों से कुल 2,604 ग्राम यानी 2.604 किलो मादक पदार्थ बरामद हुआ।
जांच में मेथामफेटामाइन की पुष्टि –
डीआरआई के अधिकारियों ने एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से बरामद पदार्थ की जांच की। जांच के दौरान पदार्थ में मेथामफेटामाइन की मौजूदगी की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत 2.08 करोड़ रुपए बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तारी –
डीआरआई ने मादक पदार्थ जब्त करने के बाद महिला को एनडीपीएस एक्ट 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है। हालांकि, टीम ने अभी महिला की पहचान, ड्रग्स की आपूर्ति के स्रोत, खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका के संबंध में जानकारी नहीं दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved