img-fluid

शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले बांग्लादेश में सियासी सरगर्मी, कई शहरों में अवामी लीग के मार्च

November 29, 2026

कोलकाता। बांग्लादेश (Bangladesh) की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) की प्रस्तावित वापसी से पहले देश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उनकी पार्टी अवामी लीग (Awami League party) के समर्थक कई जिलों में सड़कों पर उतरकर मार्च और प्रदर्शन कर रहे हैं। कहीं स्वागत जुलूस निकाले जा रहे हैं तो कहीं मशाल मार्च के जरिए पार्टी और हसीना के समर्थन में नारेबाजी हो रही है।

पबना, तुंगीपाड़ा, गफरगांव, मुक्तागाछा और कालीकैर जैसे इलाकों में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाले। कुछ स्थानों पर रात के समय मशाल लेकर मार्च किया गया। इन प्रदर्शनों में पार्टी के झंडे और बैनर भी नजर आए। कई जगह पुलिस की मौजूदगी में समर्थकों ने रैली निकाली।

16 दिसंबर को लौटने की जताई है इच्छा
ये प्रदर्शन ऐसे समय हो रहे हैं, जब शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जाहिर की है। उनकी पार्टी के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने 24 नवंबर को इस तारीख की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि हसीना चाहती हैं कि बांग्लादेश सरकार दिल्ली से ढाका तक उनकी यात्रा के लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की उड़ान का इंतजाम करे।

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की 15 साल पुरानी सरकार गिर गई थी। इसके बाद वह बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं। 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1971 में इसी दिन पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में बांग्लादेश को जीत मिली थी।


  • प्रत्यर्पण के मुद्दे पर सरकार और अवामी लीग आमने-सामने
    हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार और अवामी लीग के बीच टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार ने सामान्य उड़ान से उनकी वापसी की मांग स्वीकार नहीं की है। सरकार का कहना है कि शेख हसीना को भारत से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के जरिए ही वापस लाया जा सकता है।

    बांग्लादेश सरकार ने भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की है। भारत की ओर से कहा गया है कि इस अनुरोध पर निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है।

    नवंबर 2025 में शेख हसीना को वर्ष 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़े मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। हसीना ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। वह बांग्लादेश लौटकर अदालत में आत्मसमर्पण करना चाहती हैं।

    गोपालगंज में झड़प, 30 लोग घायल; कई जगह आगजनी और तोड़फोड़
    हसीना की वापसी की चर्चा के बीच बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसा की घटनाएं भी सामने आई हैं। गोपालगंज में अवामी लीग समर्थकों की पुलिस और दूसरे गुटों के साथ झड़प हुई, जिसमें कम से कम 30 लोग घायल हो गए। कुछ स्थानों पर देसी बम फेंके जाने और 12 दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने की खबरें भी हैं।

    वहीं, नरैल में दो BNP नेताओं की हत्या के बाद 50 से अधिक घरों और दुकानों में आग लगाए जाने की खबर सामने आई। लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने 108 बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) प्लाटून तैनात किए हैं। इसके अलावा ढाका में हसीना और उनकी पार्टी से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

    अवामी लीग का 48 घंटे के बंद का ऐलान
    अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर को 48 घंटे के देशव्यापी बंद का आह्वान किया है। पार्टी की गतिविधियों पर प्रतिबंध होने के बावजूद उसके कार्यकर्ता ऑनलाइन माध्यमों और स्थानीय संगठनों के जरिए समर्थकों को जुटाने में लगे हैं।

    दूसरी ओर, बांग्लादेश की अन्य राजनीतिक पार्टियां भी दिसंबर में रैलियों और सभाओं की तैयारी कर रही हैं। BNP, जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटिजन पार्टी ने अपने कार्यक्रमों का ऐलान किया है। ऐसे में शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले बांग्लादेश में राजनीतिक गतिविधियों के साथ तनाव भी बढ़ता नजर आ रहा है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved