
इंदौर। शहर के तापमान में रोज बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। रविवार और सोमवार को जहां शहर में दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट के साथ शीतलहर की स्थिति थी, वहीं कल दिन और रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। इससे कड़ाके की ठंड से कांपते शहर को थोड़ी राहत मिली। आज तापमान में और उछाल आने की संभावना है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम, लेकिन परसों की अपेक्षा 4.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 5.4 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं का रुख पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी रहा। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 17 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। कल पूरे समय बादल छाए रहे, जो आज भी आसमान पर कब्जा जमाए नजर आ रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले तीन-चार दिन बादल छाए रहेंगे। कल हलकी बारिश भी देखने को मिल सकती है।
हवा का रुख बदलते ही दो दिन में दोगुना हुआ रात का तापमान
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी का दौर चल रहा है। वहीं पिछले कुछ दिनों से इंदौर आ रही हवाओं की दिशा उत्तरी होने से इंदौर में भी इसका असर था। शनिवार रात का न्यूनतम तापमान 7.6 और रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री रहा था। वहीं कल से बदले हवाओं के रुख के बाद तापमान में बढ़ोतरी हुई और कल रात का तापमान 15 डिग्री रहा, यानी दो ही दिनों में रात का तापमान दोगुना हो गया और दिन का तापमान भी 4 डिग्री बढ़ गया।
एक नजर पिछले आठ दिनों के तापमान पर
तारीख अधिकतम न्यूनतम
7 जनवरी 22.1 6.6
8 जनवरी 24.5 8.6
9 जनवरी 26.9 9.8
10 जनवरी 27.2 14.2
11 जनवरी 27.2 13.5
12 जनवरी 22.4 7.6
13 जनवरी 19.5 9.6
14 जनवरी 23.7 15
(जानकारी मौसम विभाग के अनुसार, तापमान डिग्री सेल्सियस में)

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved