
नांदेड़: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार 26 अप्रैल की तारीख को संपन्न हो गया है। देश के 13 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर आयोजित मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है। हालांकि, महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के रामतीर्थ मतदान केंद्र से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक ने मतदान केंद्र पर अपनी कुल्हाड़ी से EVM मशीन को फोड़ दिया है। युवक के इस कृत्स से हर कोई हैरान है। आइए जानते हैं कि युवक ने ऐसा क्यों किया है।
नांदेड़ जिले में रामतीर्थ मतदान केंद्र पर भानुदास भडके नाम के एक युवक ने अपने कुल्हाड़ी से EVM मशीन फोड़ दी है। उसने बूथ पर चिल्ला-चिल्लाकर कहा कि मैं ये संविधान बचाने के लिए यह कर रहा हूं। जानकारी के मुताबिक, भानुदास भडके ने मतदान केंद्र पर तैनात कर्मचारियों पर भी अपनी कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश की है।
ईवीएम मशीन पर कुल्हाड़ी से हमला कर के इसे तोड़ने वाले आरोपी युवक भानुदास भडके को पोलिंग बूथ पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, कंट्रोल युनिट होने के कारण ईवीएम के वोट सुरक्षित होने का दावा किया जा रहा है। इस बूथ पर 500 लोगों ने मतदान किया है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved