अजमेर। राजस्थान स्थित प्रसिद्ध अजमेर शरीफ दरगाह (Ajmer Sharif Dargah) में रविवार को एक अजीबोगरीब घटना से हड़कंप मच गया। दरगाह परिसर में रखी ऐतिहासिक ‘बड़ी देग’ (Big Temple) में एक युवक अचानक कूद गया और उसमें मौजूद चढ़ावे के पैसे व आभूषण समेटने लगा। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवक तेजी से दरगाह परिसर में दाखिल हुआ और सीधे बड़ी देग की तरफ बढ़ गया। वहां मौजूद खादिमों और जायरीनों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और सीधे देग में छलांग लगा दी। पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
बताया जा रहा है कि जिस समय युवक देग में कूदा, उस वक्त उसमें श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया नकद चढ़ावा और कुछ आभूषण मौजूद थे। देग में उतरते ही युवक वहां रखी रकम और सामान उठाने लगा।
घटना देखते ही दरगाह कमेटी के कर्मचारी और खादिम तुरंत मौके पर पहुंचे। एक खादिम युवक को बाहर निकालने के लिए देग के अंदर उतरा, लेकिन युवक बाहर आने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद कर्मचारियों ने बल प्रयोग कर उसे काबू में लिया।
काफी देर की मशक्कत के बाद ऊपर खड़े अन्य लोगों की मदद से युवक को देग से बाहर निकाला गया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मानसिक स्थिति को लेकर चर्चा
प्रारंभिक जानकारी में युवक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है, हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस और दरगाह कमेटी जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस और दरगाह प्रशासन सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद दरगाह परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved