खेल भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

18वीं फेडरेशन कप जूनियर अंडर-20 राष्ट्रीय एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप 25 से भोपाल में

-चैम्पियनशिप से चयनित खिलाड़ी करेंगे जूनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप, 2021 नैरोबी (केन्या) में देश का प्रतिनिधित्व

भोपाल। मप्र के खेल और युवा कल्याण विभाग तथा भारतीय एथेलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय 18वीं फेडरेशन कप जूनियर अंडर-20 राष्ट्रीय एथेलेटिक्स प्रतियोगिता-2021 का आयोजन 25 से 27 जनवरी, 2021 तक भोपाल स्थित तात्या टोपे स्टेडियम में किया जा रहा है। मप्र के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी उद्घाटन समारोह के मुख्य आतिथ्य होंगे। उद्घाटन समारोह 25 जनवरी को प्रातः 11.00 बजे होगा। 18वीं फेडरेशन कप जूनियर अंडर-20 राष्ट्रीय एथेलेटिक्स प्रतियोगिता कोरोना काल की मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी चैम्पियनशिप है।


खेल और युवा कल्याण संचालक पवन जैन ने शनिवार को टीटी नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हाल में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि चैम्पियनशिप में देशभर के 20 राज्यों के कुल 500 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ी भागीदारी करेंगे। मध्य प्रदेश की टीम में 24 बालक और 15 बालिका खिलाड़ी सहित कुल 39 खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस चैम्पियनशिप से चयनित खिलाड़ी नैरोबी (केन्या) में 17 से 22 अगस्त, 2021 तक आयोजित होने वाली जूनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप-2021 में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खेल संचालक जैन ने यह भी बताया कि तात्या टोपे स्टेडियम, भोपाल में आयोजित 18वीं फेडरेशन कप जूनियर अंडर-20 राष्ट्रीय एथेलेटिक्स प्रतियोगिता-2021 अंतर्गत एथलेटिक्स की 18 स्पर्धाओं ;म्अमदजेद्ध में युवा खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के लिए सर्वसुविधा युक्त एक वीआईपी मंच तथा गैलरी का निर्माण किया गया है। जो आने वाले समय में बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए उपयोगी रहेगा।

उन्होंने बताया कि मान. खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के विशेष प्रयास तथा मान. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर देश के सबसे बड़े खेल आयोजन में से एक खेलों इंडिया यूथ गेम्स, 2022 की मेजबानी मध्य प्रदेश को देने की सैद्धांतिक सहमति हुई हैं। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेलों इंडिया यूथ गेम्स जैसे बड़े आयोजन की रिहर्सल की तरह है।

उल्लेखनीय है कि खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने इस खेल आयोजन की तैयारियों के संबंध में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली थी। उन्होंने स्वयं भी प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने प्रतियोगिता को स्तरीय बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए थे।  (एजेंसी, हि.स.)

 

Share:

Next Post

समरसेट ने जेम्स हिल्ड्रेथ के साथ अपने करार को 2022 तक बढ़ाया

Sun Jan 24 , 2021
समरसेट। अनुभवी बल्लेबाज जेम्स हिल्ड्रेथ ने काउंटी क्लब समरसेट के साथ अपने करार को 2022 तक के लिए बढ़ा दिया है। हिल्ड्रेथ का वर्तमान करार 2021 सत्र के अंत मे समाप्त हो रहा था। हिल्ड्रेथ 2003 में समरसेट से जुड़े थे और तब से अब तक क्लब के लिए तीनों प्रारूपों में 665 मैच खेल […]