भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

सहायता राशि के साथ दी जाएगी फसल बीमा की 25 प्रतिशत अग्रिम क्लेम राशि : सीएम शिवराज

ओला प्रभावित किसानों के खेतों पर पहुंचे मुख्यमंत्री, ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का किया अवलोकन

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। फसलों में 50 फीसदी से अधिक नुकसान होने पर किसानों को प्रति हेक्टेयर 30 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति के साथ ही फसल बीमा योजना का लाभ भी दिया जाएगा। बीमा कम्पनी से 25 प्रतिशत क्लेम राशि अग्रिम रूप से दिलाई जाएगी और शेष 75 प्रतिशत राशि क्लेम फाइनल होने पर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम उनारसी कलां में ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त हुई का फसलों को जायजा लेने के बाद किसानों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रभावित किसानों के कर्ज को अल्पकालीन से मध्यमकालीन करने और एक वर्ष के ब्याज की राशि राज्य शासन द्वारा भरे जाने की घोषणा भी की।

सर्वे सूची ग्राम पंचायत में चस्पा करें
मुख्यमंत्री चौहान ने लगातार दूसरे दिन ओला प्रभावित किसानों के खेतों में पहुंचे। उन्होंने धनिया, गेहूं, चना और सरसों के खेत में जाकर ओला से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में मैं किसानों के साथ हूं, किसान चिंता न करें, उनके हुए नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिए कि फसलों के सर्वे कार्य में पारदर्शी व्यवस्था अपनाई जाए और सर्वे सूची ग्राम पंचायत भवन में चस्पा करें। कोई भी किसान सर्वे से छूटना नहीं चाहिये। जिन किसानों को आपत्ति हो उनकी फसल का पुनः सर्वे किया जाए।

जहां भी फसलों को क्षति हुई है, वहां दी जाएगी सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ओलावृष्टि से जहां भी क्षति हुई है, वहां पूरी संवेदनशीलता के साथ सर्वे कर सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने ईंट भट्टा, घरों और मवेशी आदि की क्षति के लिए भी सहायता राशि नियमानुसार दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि वे घबराएं नहीं, सरकार पूरी संवेदनशील के साथ किसानों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाकर योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरोंज सहित सीमावर्ती जिले के आरोन, राघौगढ़ और चाचौड़ा में भी फसलों को नुकसान पहुंचा है। इन क्षेत्रों में भी फसलों के नुकसान की भरपाई की जाएगी।

उनारसी कलां में अस्पताल निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने किसानों से रूबरू होकर संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि उनारसी कलां बड़ा गांव है। यहां अस्पताल निर्माण करवाया जाएगा, जिससे आसपास के दर्जनों गांव के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

बुजुर्ग कृषक फूलबाई को लगाया गले
मुख्यमंत्री चौहान ग्राम छोटी राघौगढ़ में बुजुर्ग महिला किसान फूलबाई के खेत में फसल का जायजा लेने पहुंचे। ओलावृष्टि से चने की फसल को हुए नुकसान की जानकारी देते हुए फूलबाई की आंखें नम हो गईं और वे फूट-फूटकर रोने लगीं। मुख्यमंत्री ने फूलबाई को गले लगाया और उसके आंसू पौछते हुए कहा कि चिंता ने करें आपका भाई नुकसान की पूरी भरपाई करवाएगा। उन्होंने फूलबाई को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जिला कलेक्टर को दिये।

उल्लेखनीय है कि उनारसी कलां और छोटी राघौगढ़ सहित लटेरी तहसील के लगभग 18 गांव में 1720 किसानों की करीब 2 हजार हेक्टेयर से अधिक चना, धनिया, सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। राजस्व अमले ने सर्वे कर 5 करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता राशि पारित की है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मंत्रियों के पैंतरा- बदल पर संवैधानिक प्रश्न

Sun Jan 16 , 2022
– डॉ दिलीप अग्निहोत्री भारतीय राजनीति में दल बदल सहज प्रक्रिया के रूप में समाहित है। इसके बावजूद दलों में निष्ठावान लोग भी होते है। वे सुख- दुख, सम्मान- अपमान में समान रूप से पार्टी के साथ रहते है। कोई भी प्रलोभन इन्हें विचलित नहीं करता। निराश होते हैं,तो मौन और निष्क्रिय हो जाते है। […]