भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

निकाय चुनाव से पहले हर बूथ में जोड़े जाएंगे 60 नए वोटर्स

  • भाजपा ने बनाया हर बूथ पर कमल खिलाने का प्लान

भोपाल। चुनावी बिगुल के साथ ही जीत की रणनीति बनाने में जुटी भाजपा ने गुरूवार को संस्कारधानी में हर बूथ पर कमल खिलाने का प्लान बनाया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपल नड्डा ने कार्यकर्ताओं को नया मंत्र दिया। नड्डा ने कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय करने को कहा। बूथ में फिर से कार्य विस्तार करने पर जोर दिया। कहा अगले पांच दिन में हर बूथ 60 लोगों को जोड़े। इसमें 20 आरक्षित वर्ग, 20 महिला और 20 युवा होना जरूरी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन की बैठक बूथ से शुरू की। रांझी में आयोजित बूथ की बैठक में उन्होंने बूथ प्रभारियों, पन्ना प्रमुखों को जीत का प्लान बताया। नड्डा ने बताया कि हर बूथ पर कमल खिलाने के लिए ‘की वोटरोंÓ को चिन्हित करना होगा। संबंधों की चाशनी ऐसी घोलनी होगी कि वे भाजपा के अलावा किसी और को वोट देने की सोच तक न पाएं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने ‘की वोटरोंÓ का मतलब भी समझाया। बताया कि ऐसे वोटर जिसका बड़ा परिवार हो और उस सदस्य की बात अन्य परिजन मानते हों। या फिर समाज का ऐसा बड़ा चेहरा, जिसकी बात अधिकतर लोग मानते हें। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन्हें भाजपा के पक्ष में वोट कराने के लिए प्रेरित करना होगा।


हर-सुख-दुख में खड़े रहें
वोटरों से आपकी दोस्ती सिर्फ वोट को लेकर न हो, बल्कि उसके सुख-दुख, काम-काज, जरूरतों और सेवा को लेकर भी हो। नड्डा ने मंच से प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुखातिब होते हुए कहा कि बूथ के लिए एक व्यक्ति को तय करें। वो सबकी मॉनिटरिंग करे। कोशिश ये हो कि एक कार्यकर्ता पांच वोट लाये। वन बूथ-टेन बूथ की योजना अच्छी है। नड्डा ने कहा कि निकाय चुनाव अभ्यास है, 2023 और लोकसभा आम चुनाव मुख्य है। कोशिश करें कि मन की बात जब भी आए तो स्क्रीन लगाकर अपने बूथ के लोगों को एकत्र कर उसे सुनवाएं। इस बूथ सम्मेलन में 45 के लगभग बूथ अध्यक्ष व पन्ना प्रमुख शामिल हुए थे। महिलाओं की कम भागीदारी देख बोले कि हर बूथ से 20-20 महिलाओं को जोड़कर उन्हें पन्ना सह प्रमुख का दायित्व सौंपा जाए।

सोशल ग्रुप में एक्टिव हो जाओ
नड्डा ने कहा क हर बूथ अध्यक्ष व पन्ना प्रमुख सोशल ग्रुप में एक्टिव रहे। पार्टी की उपलब्धियों और अपने नेताओं के अच्छे कार्यों की क्लीपिंग अपलोड करते रहे। काम का प्रचार-प्रसार करना होगा। बड़े और ‘की वोटरोंÓ को साधना होगा। नड्डा ने सभी के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाएं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता बूथ में केंद्र और राज्य की सरकार द्वारा जारी जनहित के कार्य को जनता के बीच पहुंचाने का काम करे। प्रधानमंत्री की मन की बात हो या मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजना के बारे में बताए। करीब एक घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा संभागीय कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी शामिल रहे।

तीन श्रेणी में वोटरों को बांट लो
हर बूथ और पन्ना प्रभारी तीन श्रेणी में वोटरों को बांट ले। पहला ए श्रेणी, इसमें ऐसे वोटरों को रखे जो भाजपा के कट्टर समर्थक हैं। दूसरा बी श्रेणी, जो आ भी सकते हैं और नहीं भी और तीसरा श्रेणी घोर विरोधी वोटरों का चिन्हित करें। अब सी को बी तो बी को ए श्रेणी में लाने के लिए आप को काम करना होगा। कार्यकर्ता या वोटर नाराज है तो उसका कारण पता करो, फिर उसकी नाराजी दूर करो। वोटरों से परिवार जैसे रिश्ते बनाओ। वोटर के घर जाओ, आत्मीयता से हाथ जोड़ो और फिर बोलो कि मैं भाजपा से आया हूं, उसे पार्टी की विचारधारा से अवगत कराओ। पार्टी के विधायक, सांसद, पार्षद, द्वारा कराए गए कार्यों का प्रचार-प्रसार करो। नाली, सफाई जैसी छोटी समस्याओं को दूर कराने का प्रयास करो। हो सकता है कि वो नाराजगी भी जाहिर करे। इस नाराजगी से आहत नहीं होना है।

Share:

Next Post

विजयादशमी पर दिग्विजय शुरू करेंगे पद यात्रा

Fri Jun 3 , 2022
130 दिन की यात्रा में एक-एक विधानसभा में पहुंचेंगे भोपाल। मध्यप्रदेश में एकबार फिर सियासत गरमाने वाली है। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह एकबार फिर यात्रा में निकलने वाले हैं। उनके इस कदम को राजनीतिक पंडित आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारी की कड़ी से जोड़कर देख रहे हैं। जानकारी के अनुसार विजयादशमी […]