इंदौर न्यूज़ (Indore News)

85 साल पहले नवंबर में ठिठुर गया था इंदौर, पारा 5.6 डिग्री तक गिरा था

  • 77 साल पहले नवंबर में हुई थी 8.6 इंच से ज्यादा बारिश

इंदौर (Indore)। ठंड के प्रमुख महीने नवंबर की शुरुआत हो चुकी है। इंदौर में यह महीना अब से 85 साल पहले सबसे ठंडा रह चुका है। 85 साल पहले, यानी 1938 में 25 नवंबर को इंदौर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री पर पहुंच गया था। ऐसा नहीं है कि नवंबर में सिर्फ ठिठुरने वाली ठंड ही देखी गई है, नवंबर में शहर में झुलसाने वाली गर्मी भी रही है। अब से 98 साल पहले वर्ष 1925 में इंदौर में 5 नवंबर को अधिकतम तापमान 35 डिग्री पर भी पहुंचा है।

मौसम विभाग के मुताबिक नवंबर माह में अक्टूबर की तरह उमस नहीं होती और रात को तापमान में काफी गिरावट देखने को मिलती है। मानसून की दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के बजाय इस माह में उत्तरी हवाएं चलने लगती हैं और हिमालय की बर्फीली पहाडिय़ों से टकराकर आने के कारण हवाएं काफी ठंडी होती हैं। इस माह में औसत अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री रहता है।

2013 रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 10 सालों में 2013 सबसे ठंडा रहा है। 16 नवंबर 2013 को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रिकार्ड किया गया था, जो पिछले 10 सालों का सबसे कम तापमान है। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो पिछले 10 सालों में यह 16 नवंबर 2015 को 34 डिग्री तक पहुंचा था। वहीं 2019 में 2.5 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जो 10 सालों की सर्वाधिक बारिश है।


नवंबर में हो चुकी है बारिश
उत्तर भारत की ओर से आने वाले पश्चिमी विक्षोभों के कारण कभी-कभी तेज बौछारें भी होती हैं और सुबह के वक्त कोहरा भी देखने को मिलता है। नवंबर माह में अब से 77 साल पहले वर्ष 1946 में, यानी आजादी से ठीक एक साल पहले 8.6 इंच से ज्यादा बारिश भी हुई थी, जो इतिहास में दर्ज नवंबर की अधिकतम बारिश भी है। वैसे शहर में नवंबर की औसत वर्षा 11 मिमी है।

एक नजर पिछले 10 सालों में नवंबर के मौसम पर
वर्ष न्यू. ताप. तारीख
2013 10.4 16
2014 13.4 25,26,29,30
2015 13.8 21
2016 12 26
2017 11 27
2018 12.7 26
2019 14.2 18
2020 11.7 29
2021 13.5 15
2022 11.2 26

दिन का तापमान कम रात का ज्यादा
कल दिन का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी अधिकतम गति 17 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।

Share:

Next Post

सबसे बड़ी विधानसभा में सबसे ज्यादा 18 उम्मीदवार मैदान में

Wed Nov 1 , 2023
कल नाम वापसी की आखिरी तारीख, मिलते-जुलते नाम वाले उम्मीदवार भी हुए खड़े, दोनों दलों के अलावा निर्दलीयों को भी बैठाने के प्रयास जारी इन्दौर (Indore)। दोनों ही प्रमुख दल कांग्रेस और भाजपा जहां बागियों से परेशान है, वहीं नाम वापसी के लिए दबाव भी बना रहे हैं। उम्मीदवारों को भी निर्दलियों से लेकर अन्य […]