
झांसी। प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है, अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। प्रदेश की जनता के पास अब समाजवादी पार्टी का ही विकल्प है। 2022 में प्रदेश में सरकार बनाकर पीड़ितों को न्याय दिलाया जायेगा। यह बात राज्यसभा सांसद डा. चन्द्रपाल सिंह यादव ने कही।
कुशवाहा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बसपा के लोकसभा प्रभारी जुगल किशोर कुशवाहा के समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव प्रदेश सरकार पर हमलावर होते हुए दिखे। उन्होंने कहा कि जातीय उन्माद चरम सीमा पर है। गरीबों मजदूरों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हुआ है। सारी व्यवस्थाएं पूरी तरह से ध्वस्त पड़ी हुई है। सामान्य वर्ग हो या गरीब हर वर्ग बुरी तरह से परेशान है। सपा शासन काल में हुए कार्यो के पत्थर लगाकर प्रदेश सरकार वाही-वाही लूट रही है। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता को हटाने में सक्षम है और आने वाले विधानसभा के चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी अपनी सरकार बना कर इस सरकार में पीड़ित तथा परेशान लोगों को न्याय दिलाने का काम करेगी। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved