
पटना। बिहार के पथ निर्माण मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि हर चुनाव में भाजपा मुद्दे की बात करती है। विकास की तस्वीर जनता के सामने पेश करती रही है और जनता जनार्दन का आशीर्वाद मिलता रहा है। इस बार भी बिहार की जनता विकास की तस्वीर देख रही है और फिर से एनडीए सरकार बनाने का मन बना चुकी है।
यादव ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष में शामिल दो दलों की सरकारों ने बिहार में दशकों तक शासन किया। लेकिन, बिहार विकास से कोसों दूर रहा। यहां तक कि विपक्षी दल की सरकारों ने देश-दुनिया के सामने बिहार को पिछड़ेपन का प्रतीक बना दिया। 15 वर्ष पहले जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी, तब उसके सामने विकास बड़ी चुनौती थी। नीतीश सरकार ने इस चुनौती को स्वीकार किया। बिहार का सर्वांगीण विकास हुआ और आज विकास की बदली तस्वीर देश-दुनिया के सामने है। बिहार के लोग इस विकास से अभिभूत हैं।
यादव ने कहा कि एनडीए सरकार जनता के साथ हर मुसीबत में खड़ी रही है। चाहे कोरोना महामारी हो या भीषण बाढ़ का संकट। विपक्ष के कई नेता तो संकट की घड़ी में बिहार से ही गायब थे। बिहार हमारा घर है और बिहार के सभी लोग हमारे परिवार के सदस्य हैं। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved