
भोपाल। कांग्रेस किसान आंदोलन के नाम पर भ्रम फैलाकर, छल-कपट करके देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। कुछ लोगों को एकत्र करके कांग्रेस ने आंदोलन के नाम पर जो नौटंकी करने का प्रयास किया, वो पूरी तरह विफल रहा है। मप्र सहित देश भर के किसानों ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया और मप्र में भारत बंद का आह्वान पूरी तरह विफल रहा है। कांग्रेस देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कही। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोग जिन बातों के आधार पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं, पहले वो उन्हीं बातों की वकालत करते रहे हैं। कांग्रेस के नेता कपिल सिब्बल ने 6 दिसंबर 2012 को राज्यसभा में ऐसे ही बिल की वकालत की थी। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, किसान नेता शरद पंवार, केप्टन अमरिन्दर सिंह और अरविंद केजरीवाल ने भी इन बातों का समर्थन किया था। कृषि सुधार संबंधी इन्हीं बातों को लेकर दिल्ली की विधानसभा में कानून भी पारित किया गया था। इसके बावजूद कांग्रेस के मित्र आज कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यजनक है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने देश में किसानों को गुमराह करने का प्रयास किया, परंतु किसानों ने इसका समर्थन नहीं किया। मध्यप्रदेश में तो भारत बंद पूरी तरह विफल रहा। कुछ जगहों पर कांग्रेस के लोग मैदान में दिखायी दिए। जबकि कांग्रेस के मुखिया कमलनाथ ही आंदोलन से गायब रहे। इससे यह सिद्ध होता है कि कांग्रेस ही पूरी तरह से बंद के समर्थन में नहीं थी।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved