
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने 13 साल पहले एक महिला से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या में वॉन्टेड और इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर किया है। गिरफ्तार बदमाश की शिनाख्त सोनीपत के बनवासा निवासी कपूर उर्फ काला के रूप में की गई है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
सोनीपत पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि इस बदमाश ने दो नवंबर 2007 को बरोदा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला से उसके घर में घुसकर दुष्कर्म करने के बाद उसे जिंदा जला दिया था। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आरोपी भाग गया था। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी।
नाम बदलकर दिल्ली-एनसीआर में छिपता रहा
मौत से पहले पीड़ित महिला ने पुलिस और मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए बयानों में बताया था कि बनवासा गांव के रहने वाले कपूर उर्फ काला ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर तेल डालकर आग लगा दी। इस संबंध में पुलिस ने कपूर के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया था। वह दिल्ली-एनसीआर में अपना नाम बदलकर छिपता रहा। उन्होंने कहा कि एसटीएफ सोनीपत प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने अपनी टीम के साथ अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की खोजबीन करते हुए गांव नाहरी की सीमा से कपूर को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कपूर को शनिवार को अदालत में पेश कर उसका रिमांड मांगेगी।

©2025 Agnibaan , All Rights Reserved