सिएरा लियोन। अफ्रीकी देश सिएरा लियोन (African country Sierra Leone) की राजधानी के पास तेल टैंकर में विस्फोट (oil tanker explosion) होने के कारण 92 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल भी हो गए।
यह विस्फोट शुक्रवार देर रात हुआ। लोग तेल के टैंकर में से लीक हो रहे तेल को इकट्ठा करने के लिए जुटे थे और उसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया।
अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फ्रीटाउन के पूर्व में उपनगर वेलिंगटन में एक बस के टैंकर से टकराने के बाद शुक्रवार देर रात टैंकर से तेल रिसाव शुरू हो गया था। विस्फोट के बाद मीडिया में जारी किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि विशाल आग का गोला जल रहा है। राष्ट्रपति जूलियस माडा बायो ने ट्वीट कर कहा कि जिन परिवारों ने अपनों को खोया है और जो लोग झुलस गए हैं, उनके साथ राष्ट्रपति की गहरी सहानुभूति है।
आईसीयू के स्टाफ के सदस्य फोदे ने बताया कि कनॉट अस्पताल के शवगृह में शनिवार सुबह तक 92 शव लाए गए हैं। गंभीर रूप से झुलसे हुए कम से कम 30 पीड़ितों के बचने की उम्मीद नहीं है। एजेंसी/हिस

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved