img-fluid

अमेरिकी नेताओं की पत्नियां, जिनकी जड़ें भारत में; कोई डॉक्टर तो कोई वकील, जानिए क्या करती हैं ये महिलाएं

November 18, 2026

वॉशिंगटन। अमेरिकी राजनीति में कई ऐसे नेता हैं, जिनकी पत्नियों (Wives of American leaders) की जड़ें भारत (Indian) से जुड़ी हैं। इनमें कोई डॉक्टर है, कोई वकील (Wives of American leaders) तो कोई कारोबार और लेखन की दुनिया से ताल्लुक रखती है। कुछ महिलाएं अपने पति के चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से नजर आती हैं, जबकि कुछ ने सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखी है। भारतीय मूल की इन महिलाओं की शिक्षा, पेशे और पारिवारिक पृष्ठभूमि भी काफी दिलचस्प है। आइए जानते हैं अमेरिका के चर्चित नेताओं की भारतीय मूल की पत्नियों के बारे में।

1. उषा वेंस : अमेरिका की पहली भारतवंशी सेकंड लेडी

 

उषा वेंस जनवरी 2025 में अमेरिका की पहली भारतवंशी सेकंड लेडी बनीं। उनके माता-पिता आंध्र प्रदेश से अमेरिका जाकर बस गए थे। उषा का पालन-पोषण कैलिफोर्निया में हुआ। उन्होंने येल लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई की और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री हासिल की। वह अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स और न्यायाधीश ब्रेट कैवनॉ के साथ लॉ क्लर्क के रूप में काम कर चुकी हैं। पति जेडी वेंस के 2024 के चुनाव अभियान में सक्रिय होने के बाद उन्होंने प्रतिष्ठित लॉ फर्म की नौकरी छोड़ दी थी।

2. डॉ. सारा जुकाकू : पेशे से मनोचिकित्सक

डॉ. सारा जुकाकू पेशे से मनोचिकित्सक हैं। उनका जन्म मिशिगन में हुआ और वहीं उनका पालन-पोषण हुआ। उनका परिवार कर्नाटक के तटीय कस्बे भटकल से संबंध रखता है। सारा और उनके पति की मुलाकात मिशिगन विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने मई 2006 में शादी की और उनकी दो बेटियां हैं। सारा ने मिशिगन विश्वविद्यालय के बाद कोलंबिया विश्वविद्यालय के वैगेलोस कॉलेज से मेडिकल की डिग्री हासिल की। फिलहाल वह एन आर्बर में अपना निजी क्लिनिक चलाती हैं। चुनाव प्रचार के दौरान भी वह पति की रैलियों में नजर आई थीं।



  • 3. रितु आहूजा खन्ना : लग्जरी ब्रांड के लिए कर चुकी हैं काम

    रितु आहूजा खन्ना कैलिफोर्निया की 17वीं कांग्रेशनल सीट से डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना की पत्नी हैं। उनके पति अमेरिकी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, लेकिन रितु ने खुद को सार्वजनिक सुर्खियों से दूर रखा है। उन्होंने जॉर्जटाउन और कोलंबिया विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। वह न्यूयॉर्क में लग्जरी ब्रांड बुल्गारी के लिए प्रोडक्ट मार्केटिंग का काम भी कर चुकी हैं। रो खन्ना और रितु की शादी 2015 में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं।

    4. डॉ. अपूर्वा रामास्वामी : आवाज और निगलने से जुड़ी बीमारियों की विशेषज्ञ

    डॉ. अपूर्वा रामास्वामी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी हैं। उनके पति विवेक रामास्वामी उद्यमी और अमेरिकी राजनीति के चर्चित चेहरे हैं। अपूर्वा लैरिंजोलॉजी की विशेषज्ञ हैं। यह चिकित्सा की वह शाखा है, जिसमें आवाज और निगलने से संबंधित बीमारियों का उपचार किया जाता है। उन्होंने येल विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है और ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। वह कैंसर के इलाज के बाद आवाज और निगलने में परेशानी का सामना करने वाले मरीजों के उपचार पर काम कर चुकी हैं। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान वह पति के साथ प्रचार करती भी नजर आई थीं।

    5. प्रिया कृष्णमूर्ति : पेशे से डॉक्टर, लेकिन प्रचार से दूर

     

    प्रिया कृष्णमूर्ति पेशे से डॉक्टर हैं। उनके पति राजा कृष्णमूर्ति इलिनॉय से डेमोक्रेट सांसद हैं। उनका परिवार शॉमबर्ग में रहता है और उनके तीन बच्चे हैं। राजा कृष्णमूर्ति अमेरिकी राजनीति में कई सार्वजनिक भूमिकाएं निभा चुके हैं, लेकिन प्रिया सार्वजनिक चर्चाओं और राजनीतिक प्रचार से दूरी बनाए रखना पसंद करती हैं। उनके पेशे और पारिवारिक जीवन से जुड़ी जानकारी राजा कृष्णमूर्ति की आधिकारिक कांग्रेस जीवनी में भी उपलब्ध है।

    6. डेनियल डिसूजा गिल : लेखिका और राजनीतिक टिप्पणीकार

     

    डेनियल डिसूजा गिल लेखिका और राजनीतिक टिप्पणीकार हैं। उनके पति ब्रैंडन गिल टेक्सास से रिपब्लिकन सांसद हैं। डेनियल भारतीय मूल के रूढ़िवादी राजनीतिक टिप्पणीकार दिनेश डिसूजा की बेटी हैं। उनकी भारतीय विरासत पिता की ओर से जुड़ी है। आप्रवासन और बहुसंस्कृतिवाद जैसे मुद्दों पर उनके पति के सार्वजनिक बयानों के कारण भी वह राजनीतिक चर्चाओं में चर्चा का विषय रही हैं।

    अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल की महिलाओं की मौजूदगी

    इन छह महिलाओं की पृष्ठभूमि और पेशे भले ही अलग-अलग हैं, लेकिन इन सभी का किसी न किसी रूप में भारत से पारिवारिक संबंध है। कोई चिकित्सा के क्षेत्र में सक्रिय है तो किसी ने कानून, कारोबार और लेखन में अपनी पहचान बनाई है। कुछ महिलाएं राजनीतिक मंचों पर अपने पति का साथ देती हैं, जबकि कुछ निजी और पेशेवर जीवन को प्राथमिकता देती हैं। इनकी मौजूदगी अमेरिकी राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भारतीय मूल के परिवारों की बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाती है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved