
भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस में 2 साल पहले ही तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में मप्र महिला कांग्रेस भी मिशन 2023 की तैयारी में जुट गई है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मप्र महिला कांग्रेस नए साल से पूरी ताकत से सरकार के खिलाफ मैदान में उतरने की तैयारी में जुटी है। संगठन ने 26 जनवरी तक प्रदेश स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर स्तर तक कार्यकारिणी के गठन का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में महिला कांग्रेस की चार वरिष्ठ उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई। इनमें नूरी खान उज्जैन, जमना मरावी जबलपुर, कविता पांडेय रीवा और रशम पंवार ग्वालियर शामिल हैं।
गौरतलब है कि मप्र महिला कांग्रेस की सक्रियता दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। संगठन की लगातार बैठकें हो रही है। इसी सिलसिले में गतदिनों प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव, 2023 की रूपरेखा तैयार की गई। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व मप्र प्रभारी ओनिका मेहरोत्रा ने बताया कि नए साल में मप्र महिला कांग्रेस एक चुस्त- दुरुस्त, सुसंगठित और सक्रिय रूप में और अधिक मजबूती के साथ उभरकर आएगी और जनता के हकों एवं अधिकार के लिए सड़कों पर उतरेगी। महिला कांग्रेस पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर भाजपा सरकार की पोल खोलेगी। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अर्चना जायसवाल ने बताया कि आने वाले समय में महिला कांग्रेस पीसीसी चीफ कमलनाथ के हाथ मजबूत करने पूरी ताकत से सड़क पर उतरेगी। महिला कांग्रेस ने आईटी सेल, लीगल सेल, सोशल मीडिया, स्व सहायता समूह सेल, महिला उत्पीडऩ निवारण सेल का पुनर्गठन किया है, जो जनता के हक की लड़ाई लड़ेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved