ग्वालियर। अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय दो मौसम प्रणालियों (weather systems) के असर से हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी हो जाने से ग्वालियर-चम्बल (Gwalior-Chambal) सहित पूरे मध्यप्रदेश (MP) में दिन व रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। इसके चलते अब धूप में चुभन महसूस होने लगी है। बुधवार को आंशिक बादल छाए रहने के बाद भी ग्वालियर में ठंड के मौसम में पहली बार अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार गुरुवार को भी तापमान में वृद्धि की संभावना है।
बुधवार को सुबह मौसम साफ था लेकिन दोपहर होने से पहले ही आसमान में आंशिक बादल छा गए। साथ ही चार किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पूर्वी हवाएं भी चलती रहीं। बावजूद इसके सूरज के तेवरों में कोई कमी नहीं आई। हालत यह थी कि ज्यादा देर तक धूप में खड़े रहना मुश्किल हो रहा था। मौसम के जानकारों की मानें तो मौसम ने अब गर्मी की ओर कदम बढ़ाना शुरू कर दिए हैं। फरवरी अंत तक गर्मी दस्तक दे देगी और होली तक गर्मी पसीना छुड़ाने लगेगी।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 70 और शाम को 48 प्रतिशत दर्ज की गई।
आज भी छाए रह सकते हैं आंशिक बादल: स्थानीय मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेदश में जहां पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है तो वहीं पंजाब के पश्चिमी भाग में प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इससे उत्तर-पूर्व से नमी वाली हवाएं आना शुरू हो गई हैं। इसी कारण ग्वालियर-चम्बल अंचल में आंशिक बादल छा गए हैं लेकिन बारिश की संभावना कम है। इन दोनों मौसम प्रणालियों का असर अगले 24 घंटे तक रहेगा। इसके चलते गुरुवार को भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा 25 फरवरी को उत्तर भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इसके चलते अब न्यूनतम तापमान में ज्यादा उलटफेर की संभावना नहीं है।
Share: