
उज्जैन। निजातपुरा में रहने वाले एक सेल्समेन ने ढाई माह पहले फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक सेल्समेन था और लॉकडाऊन के चलते वह सामान की बिक्री नहीं कर पाया और कंपनी वाले माल के रुपयों के लिए उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। पुलिस ने बताया कि जाँच के बाद तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया और तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि 15 नवंबर को निजातपुरा में रहने वाले संतोष पिता गोविंद खत्री उम्र 42 साल ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उपनिरीक्षक सुरेश कनेश ने बताया कि मृतक संतोष खत्री ग्वालियर की एचसीएम कंपनी कीअगरबत्ती का सेल्समेन था और उसने कंपनी से माल लिया था बेचने के लिए।
इस दौरान लाकडाऊन लगने से वह माल नहीं बेच पाया और इस वजह से पैसा नहीं चुका पा रहा था लेकिन कंपनी वाले उस पर पैसे देने के लिए दबाव बना रहे थे और संतोष ने कहा था कि अभी वह पैसे नहीं दे सकता लेकिन कंपनी के लोगों द्वारा लगातार उस पर दबाव बनाया गया जिससे तंग आकर उसने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के बयान लेने और जाँच के बाद पुलिस ने बापूनगर निवासी मनीष शुक्ला, मंगल नगर निवासी रोहित और मनीष रायकवार निवासी पांडयाखेड़ी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 306 ए में कायमी कर ली है। कल रात प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ कायमी कर ली गई है और गिरफ्तारी ले ली गई है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved