राजगढ़। गरीब वर्ग के लिए सर्वाधिक योजनाएं भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने शुरू की हैं। उन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी बूथ के त्रिदेव की है। कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं है, कांग्रेस सिर्फ हमारे बूथ के कार्यक्रमों की कॉपी कर रही है। कांग्रेस (Congress) की जगह केवल संग्रहालय में है। आने वाले चुनावी दंगल में कमल खिलना चाहिए, यह संकल्प लें और इस जिले को कांग्रेस मुक्त बनायें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने रविवार को राजगढ़ के मंगल भवन में आयोजित त्रिदेव (बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री और बीएलए) सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
संगठन हर कार्यकर्ता के कार्य का मूल्यांकन करता है
प्रदेश प्रभारी श्री राव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां कार्यकर्ताओं के जमीनी कार्य को देखकर संगठन उसका मूल्यांकन करता है। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता जितना अधिक परिश्रम करेगा, उस कार्यकर्ताओं को उतना अधिक सीखने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित सर्वोपरि मानकर कार्य करती है, हमारी सरकारें भी इसी दिशा में लगातार काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में हमारी सरकार और संगठन दोगुनी रफ्तार से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में भारतीय जनता पार्टी के कई अभियान और कार्यक्रम आयोजित होंगे, उन कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved