भोपाल। मध्यप्रदेश (MP) के मौसम में साइक्लोन मैंडूस (Cyclone Mandus in Weather) का असर दिखाई देने लगा है। इस मौसम (Tempture) में पहली बार दिन में लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मंगलवार को तो दिन भर सूरज भी नहीं निकला। ऐसे में दिन का पारा रात के बराबर हो गया। दिन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि रात में 15 से 20 डिग्री न्यूनतम तापमान चल रहा है। हालांकि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र पर इस सिस्टम का असर नहीं पड़ा है।
बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन मैंडूस के असर से मध्यप्रदेश में सीजन में दूसरी बार मावठा गिरा। भोपाल में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, जबलपुर में भी मावठा गिरा। भोपाल में चौबीस घंटों के दौरान आधा इंच बारिश हो गई। इससे मंगलवार को दिन का पारा 9 डिग्री गिरकर 18.8 डिग्री सेल्सियस आ गया। रात का पारा 16.2 डिग्री रहा। रात के बराबर दिन का पारा आ गया। इंदौर में भी दिन का पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस आ गया। उज्जैन में तो दिन का पारा सबसे ज्यादा 10 डिग्री सेल्सियस गिरकर 22 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। धार, ग्वालियर, पचमढ़ी, रतलाम, सागर, सतना, में 2 से लेकर 6 डिग्री तक पारा गिर गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बादलों के कारण दिन की अपेक्षा रात का तापमान बढ़ गया है। भोपाल और उसके आसपास रात में 15 से 16 डिग्री सेल्सियस, जबकि ग्वालियर, चंबल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। यह स्थिति अभी दो दिन रहेगी। कल से बारिश कम हो जाएगी। बादल छंटने से मौसम बदलने लगेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved