नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी है कि साल 2030 तक देशभर में दो करोड़ इलेक्ट्रिक वाहन हो सकते हैं। हम इस खबर में आपको बता रहे हैं कि देशभर में अभी कितने इलेक्ट्रिक वाहन हैं और कितनी तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या देशभर में बढ़ रही है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी है कि देशभर में काफी तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि आज देशभर में 20.8 लाख इलेक्ट्रिक वाहन हैं। 2021 की तुलना में 10 लाख इलेक्ट्रिक वाहन है और इनमें 300 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। 2030 तक मेरे अनुमान के मुताबिक दो करोड़ वाहन हो जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक 4.5 लाख दो पहिया वाहन हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या में भी बढ़ोतरी होगी जिससे 10 लाख रोजगार भी पैदा होंगे।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मौजूदा समय में ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री 7.8 लाख करोड़ रुपये की है। ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री ने चार करोड़ रोजगार दिए हैं। भारत सरकार और राज्य सरकारों को सबसे ज्यादा जीएसटी ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री से ही मिलता है। मेरा लक्ष्य है कि इस 7.8 लाख करोड़ रुपये की इंडस्ट्री को पांच साल में 15 लाख करोड़ रुपये की इंडस्ट्री बनाना है।
गडकरी ने बताया कि मौजूदा समय में देश में 30 करोड़ से ज्यादा वाहन हैं। 10 साल बाद जनसंख्या कम होगी और वाहनों की संख्या काफी ज्यादा होगी। हर घर में तीन लोग होंगे और पांच गाडि़यां होंगी, फिलहाल दिल्ली और मुंबई में ऐसा ही है। इसका मुख्य कारण ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री का लगातार बड़ा होना है।
Share: