
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शासकीय सेवा में चयन जीवन का दुर्लभ और सौभाग्यशाली क्षण है। शासकीय सेवा जनता की सेवा का अवसर है। बेहतर काम कर के दिखायें। आपके काम से आपका मान बढ़े और किसानों की भी जिन्दगी बदले। जुनून और उत्साह से काम करें। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय समत्व भवन में उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण विभाग में नव चयनित 126 वरिष्ठ उद्यान विकास और उद्यान विस्तार अधिकारियों को नियुक्ति आदेश वितरित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री बना तब प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 13 हजार थी, जो अब बढ़ कर एक लाख 40 हजार रूपए हो गई है। इसमें कृषि का बड़ा योगदान है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए फसल चक्र बदल कर बागवानी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश को दुनिया का सबसे अच्छा राज्य बनाना मेरा जुनून है। इसके लिए केवल कृषि ही नहीं, उद्योग और व्यवसाय पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीवन बहुत छोटा है, इसलिए ऐसा काम करें कि लोग याद रखें। माता-पिता को भी आप पर गर्व हो।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved