
भोपाल। आज फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर में जगह-जगह होलिका दहन होगा, वहीं धुलेंडी पर्व आठ मार्च बुधवार को मनाया जाएगा। इस बार पूर्णिमा तिथि दो दिन होने के कारण लोगों में असमंजस है, लेकिन शहर के अधिकांश मंदिरों में सूर्योदयाकालिक तिथि के अनुसार सात मार्च मंगलवार को होलिका दहन करेंगे। आठ मार्च बुधवार को धुलेंडी पर्व मनाया जाएगा। पेड़ों को कटने बचाने और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए गोकाष्ठ से होलिका दहन करने के प्रति शहरभर में जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी को देखते हुए गोकाष्ठ संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण समिति ने सोमवार को शहर के 42 स्थानों पर 10 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से गोकाष्ठ का विक्रय किया। पहले 38 स्थानों पर विक्रय केंद्र शुरू किए गए थे। बाद में होलिका दहन के लिए गोकाष्ठ की भारी मांग को देखते हुए चार विक्रय केंद्र और बढ़ाए गए। सोमवार रात तक 1522 क्विंटल गोकाष्ठ बिक चुका था।
इन रास्तों से निकलेगा चल समारोह
श्री हिंदू उत्सव समिति होली का परंपरागत त्योहार धूमधाम से मनाएगी। इस अवसर पर भव्य चल समारोह दयानन्द चौक से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ जनकपुरी जुमेराती में समाप्त होगा। जुमेराती, घोड़ा नक्कास और कुंदन नमकीन चौराहा, मंगलवारा, ट्रांसपोर्ट चौराहा, इतवारा चौराहा, इतवारा मार्केट, चिंतामन, सराफा लखेरापुरा, भवानी चौक, सोमवारा, सिंधी मार्केट से होते हुए जवाहर चौक जनकपुरी पर संपन्न होगा। यह करीब 05 किमी का रास्ता तय करेगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved