
भोपाल। व्यापमं घोटाले में व्हिसल ब्लोअर डॉ. आनंद राय ने बुधवार को सोशल मीडिया पर 7 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया है। साथ ही लिखा कि भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रंजना बघेल चुनाव में जयस का साथ देंगी। इस पोस्ट पर रंजना बघेल भड़क गईं और वीडियो जारी कर कहा कि आनंद राय को घर आकर जूते मारूंगी। इसके बाद रात में ही वो आनंद राय के इंदौर स्थित घर पर पहुंच गईं। हालांकि बाद में डॉ राय ने माफी मांग ली है।
जब रंजना बघेल डॉ राय के घर पहुंची तो यहां आनंद राय की पत्नी ने कहा कि वह घर पर नहीं हैं। आप बाद में आइए। इस पर रंजना बघेल ने कहा कि आप गेट खोलिए मुझे नम्रता से बात करनी है। मैंने अभी आपके पति आनंद राय को पीछे की ओर भागते हुए देखा है। उनसे कहिए कि फर्जी खबरें न चलाएं। दरअसल, आनंद राय ने जो वीडियो पोस्ट किया है, इसमें रंजना बघेल जयस नेता और विधायक डॉ. हीरालाल अलावा को माला पहना रही हैं। उनके साथ भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष सचिन पांडे और बदनावर के सिंधिया गुट के नेता दिनेश ग्रेवाल भी दिख रहे हैं। आनंद राय ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा- अगले चुनाव में कुक्षी-मनावर सीट पर साझा रणनीति बनी। रंजना बघेल जयस संगठन का साथ देंगी। मनावर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सचिन पांडे भी साथ होंगे। सोफे पर बदनावर के सिंधिया गुट के भाजपा नेता दिनेश ग्रेवाल बैठे हैं। इन्हें पिछली बार धार संसदीय सीट से टिकट मिला था। वे भाजपा नेता सांसद छतरसिंह दरबार के सामने हार गए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved