भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कमलनाथ को झूठनाथ और दिग्विजय को बंटाढार प्रचारित करेगी भाजपा

  • भाजपा ने सोशल मीडिया एवं आईटी टीम को किया सक्रिय

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर राजनीतिक दल सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए हैं। भाजपा ने अपनी आईटी एवं सोशल मीडिया टीम को चुनाव के लिए सक्रिय कर दिया है। साथ ही तय किया है कि अब भाजपा कांगे्रस शासनकाल के भ्रष्टाचार को सोशल मीडिया पर प्रचारित करेगी। साथ ही कमलनाथ को झूठनाथ और दिग्विजय सिंह को मिस्टर बंटाढार बताया जाएगा। इसको लेकर भाजपा की सोशल मीडिया एवं आईटी टीम की बैठक हो चुकी है।
भाजपा सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने कहा कि पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं को दिग्विजय सरकार की कोई जानकारी नहीं होगी। उस सरकार की कारगुजारियों को नव मतदाताओं के सामने उजागर करना सोशल मीडिया, आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं का काम है। कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम करेगी, लेकिन उसके भ्रम को सोशल मीडिया के माध्यम से जनता के सामने उजागर करना आप सभी का काम है। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से बताने एवं इनके द्वारा कितने लोगों को रोजगार प्राप्त हो रहा है, इसका भी जिक्र करने की बात कही। मालवीय ने मंडल, विधानसभा, जिला, लोकसभा स्तर पर सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं की टोली बनाने पर जोर देते हुए कहा कि वाट्सएप एवं इंस्टाग्राम आदि पर कार्यकर्ताओं की पूर्ण जानकारी होना चाहिए। उन्होंने सभी मोर्चों को भी हर जिले में सोशल मीडिया नेटवर्क तैयार करने का सुझाव दिया। मालवीय ने कहा कि विपक्ष हिन्दू समाज में भेद पैदा करने के लिए भ्रम फैलाएगा, जो उनकी राजनीति का चरित्र है। उनके इन प्रयासों को हमें सोशल मीडिया के माध्यम से असफल करना है। हमें अपनी बात कहनी है, कांग्रेस की बात का जवाब नहीं देना है।


अपने काम को सोशल मीडिया पर बताना है: शिवराजसिंह चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपनी बात जनता तक पहुंचाने का सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है। हमारे वीर योद्धा अब यह लड़ाई सोशल मीडिया पर ही लड़ रहे हैं। सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफार्म है, जहां आम आदमी भी अपनी बात ठोंककर कहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा दुष्प्रचार भी बहुत जल्दी नीचे तक पहुंचता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 महीने की सरकार में कमलनाथ ने तो एक धेला भी नहीं दिया। वल्लभ भवन को करप्शन का अड्डा बना दिया था। कलेक्टर एवं एसपी की पोस्टिंग पैसे लेकर होती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का वचनपत्र झूठ का पुलिंदा है, झूठे लोग हमें क्या जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि 18 साल में मध्यप्रदेश कितना बदला है, मध्यप्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, इंफास्ट्रेक्चर के जो काम हुए हैं, उनको सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का काम आप सभी कार्यकर्ताओं का है।

Share:

Next Post

प्रदेश में आत्मनिर्भर बन रही महिलाएं, समाज में बढ़ रहा मान

Fri May 19 , 2023
अब गांव में ही आवेदन लेकर होंगे जनता के काम भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है मध्यप्रदेश में एक सामाजिक क्रांति हो रही है, जिसमें बहनें आत्म-निर्भर हो रही हैं और उनका परिवार और समाज में सम्मान बढ़ रहा है। आजीविका मिशन में जहाँ स्व-सहायता समूह के रूप में संगठित महिलाओं को विभिन्न […]