
इंदौर। ऑनलाइन फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन समय पहले शिकायत करने वाले कई लोगों के पैसे पुलिस वापस करवाने में सफल हो रही है। कल क्राइम ब्रांच ने ऐसे ही 9 लोगों के 9 लाख रुपए वापस करवाए। यूं तो शहर में कई सालों से बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है, लेकिन कुछ दिनों से ये वारदातें बढ़ रही हैं। पुलिस के पास रोज साइबर अपराध की 30 से 40 शिकायतें पहुंच रही हैं। इसके लिए पुलिस लगातार एडवाइजरी जारी करती है, लेकिन फिर भी लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। क्राइम ब्रांच में दर्ज शिकायतों में से 9 मामलों में ठगी के शिकार लोगों के पैसे वापस करवाने में सफलता मिली है।
ठगों ने किसी को आईसीआईसीआई बैंक का अधिकारी बनकर तो किसी को क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने का झांसा दिया, तो किसी को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ओटीपी और अन्य जानकारी ले ली और उनके खाते साफ कर दिए। ठगों ने लोगों को दस हजार से डेढ़ लाख तक का चूना लगाया था, लेकिन समय रहते पुलिस के पास पहुंचने से पुलिस ने खाते ब्लॉक करवा दिए और उनका पैसा वापस आ गया। ठगी का शिकार हुए लोगों में 6 युवतियां हैं, जो पढ़ी-लिखी और सोशल मीडिया फ्रेंडली हैं, लेकिन फिर भी ठगी का शिकार हो गईं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved