
इंदौर। इंदौर में ऑनलाइन गेमिंग के लेनदेन में दूसरों के बैंक खातों की चेकबुक और एटीएम कार्ड खपाने वाले एक युवक को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर स्कीम नंबर-78 स्थित मुंबई हाउस होटल के सामने खाली मैदान से आरोपी को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से 50 कोरे चेक और एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क और अन्य संदिग्ध खातों के इस्तेमाल की पड़ताल कर रही है।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की लसूड़िया थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और दूसरों के बैंक खातों के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।लसूड़िया पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर-78 स्थित मुंबई हाउस होटल के सामने खाली मैदान में एक युवक दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते की चेकबुक और एटीएम लेकर खड़ा है तथा ऑनलाइन गेमिंग में उनका इस्तेमाल कर रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर मंदसौर जिले के धारीयाखेड़ी निवासी शुभम पिता विनोद मालवीय को हिरासत में ले लिया।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी शुभम ने कबूला कि उसने बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते की चेकबुक और एटीएम कार्ड रतलाम निवासी एक व्यक्ति से 10 हजार रुपए में खरीदे थे, जिनका उपयोग ऑनलाइन गेमिंग के लेनदेन में किया जा रहा था।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 50 कोरे चेक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए। लसूड़िया पुलिस अब आरोपी शुभम से कड़ाई से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने और किन लोगों के बैंक खाते या दस्तावेज हासिल किए तथा इस पूरे खेल व गिरोह में कौन-कौन शामिल हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved