
वॉशिंगटन: अमेरिका (America) के केंटकी में शनिवार को एक घर में हुई गोलीबारी (Shootout) की घटना में चार लोगों की मौत हो गई। गोली लगने से तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं। फ्लोरेंस पुलिस (Florence Police) विभाग के अनुसार, बर्थडे (birthday) पार्टी के दौरान सात लोगों को गोली लगी थी, चार को वारदात की जगह पर ही मृत घोषित कर दिया गया। तीन को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस प्रमुख जेफ मैलेरी ने बताया कि गोलीबारी की सूचना के बाद अधिकारी शनिवार सुबह करीब 3 बजे उस घर पर पहुंचे, जहां गोलियां चलीं। मैलरी ने कहा कि घायलों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है।
पुलिस ने बताया कि लोग बर्थडे पूल पार्टी में शामिल हो रहे थे कि तभी उन पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। हमलावर पुलिस के पहुंचने से पहले एक वाहन से भागने में कामयाब हो गया था। पुलिस ने उसका पीछा किया तो वह सड़क के करीब एक खाई में गिर गया। पुलिस टीम ने उसे पकड़ा तो देखा कि उसने खुद को गोली मार ली थी। पुलिस हमलावर को लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंची, जहां बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पहले भी जेल जा चुका था आरोपी
पार्टी में उपस्थित लोगों ने हमलावर की पहचान करते हुए पुलिस को उसकी पहचान बताई। हमलावर को पहले भी यौन अपराध के लिए दोषी ठहराया जा चुका है। पुलिस मान रही है कि हमलावर के पुराने केस का इस शूटिंग से कोई संबंध नहीं है।अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि संदिग्ध ने अकेले ही काम किया। अभी तक पुलिस को इस हमले के पीछे की वजह का पता नहीं चल सका है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved