
पेशावर। पाकिस्तान में आतंकी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में फ्रंटियर कोर की एक चेक पोस्ट पर हमला हुआ है। फ्रंटियर कोर की एक चेक पोस्ट पर हुए हमले में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई है। पुलिस ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी है। हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-इस्लाम ने ली है। पुलिस के मुताबिक हमला रविवार को अफगानिस्तान की सीमा से लगे खैबर जिले की तिराह घाटी में एफसी चेक पोस्ट पर हुआ था।
लश्कर-ए-इस्लाम एक देवबंदी जिहादी आतंकवादी समूह है जो पाकिस्तान के खैबर जिले और अफगानिस्तान के पड़ोसी नांगरहार प्रांत में सक्रिय है। इसी साल 25 अप्रैल को लश्कर-ए-इस्लाम के सरगना हाजी अकबर अफरीदी को खैबर जिले के बारा इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने मार गिराया था। लश्कर-ए-इस्लाम अपने आतंकी गतिविधियों के लिए जाना जाता है। इस संगठन का इतिहास विभिन्न समुदायों को धमकाने और डर पैदा करने का रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved