मुंबई। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति व बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा (Businessman Robert Vadra) ने राजनीति में आने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी को लगता है कि उन्हें यह कदम उठाना चाहिए, तो वे अपने परिवार के आशीर्वाद से ऐसा करेंगे। सोमवार को एएनआई को दिए इंटरव्यू में वाड्रा ने कहा, ‘राजनीति से मेरा संबंध मुख्य रूप से गांधी परिवार से निकटता के कारण है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में कई राजनीतिक दलों ने मुझे राजनीतिक चर्चाओं में शामिल करने की कोशिश की। अक्सर मेरे नाम का इस्तेमाल चुनावों या अन्य मुद्दों के दौरान ध्यान भटकाने के लिए होता है।’ उन्होंने कहा कि यह अक्सर एक राजनीतिक बदले की कार्रवाई और साजिश जैसा महसूस होता है।
मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी पर क्या कहा
भगोड़े व्यवसायी मेहुल चोकसी की बेल्जियम में गिरफ्तारी पर रॉबर्ट वाड्रा से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी को देश के लिए बहुत बड़ी बात है। अब ध्यान चुराए गए धन की वसूली और वित्तीय धोखाधड़ी से प्रभावित लोगों को मुआवजा सुनिश्चित करने पर होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘गिरफ्तारी अलग चीज है। महत्वपूर्ण यह है कि जिन लोगों के साथ गलत हुआ है, उनका पैसा वापस मिले। सरकार को इसके बारे में सोचना चाहिए। नीरव मोदी और अन्य लोगों को भी वापस लाया जाना चाहिए। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि लोगों के नुकसान की भरपाई हो सके।’ मालूम हो कि मेहुल चोकसी को शनिवार को बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था, जब स्थानीय अधिकारियों ने देश में उसकी मौजूदगी की पुष्टि की। 65 वर्षीय भगोड़ा हीरा व्यापारी 2 जनवरी, 2018 को भारत छोड़कर चला गया था। वह पीएनबी से 13,850 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में वांटेड है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved