मुंबई। नवी मुंबई (Navi Mumbai) में एक महिला को गूगल मैप (Google map) के सहारे घूमना महंगा पड़ गया। बेलापुर से उल्वे की तरफ आधी रात को जा रही महिला गाड़ी समेत खाई में गिर पड़ी। हालांकि थोड़ी देर बाद ही स्थानीय पुलिस और समुद्री सुरक्षा बलों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत ही महिला की जान बचा ली। बाद में सुबह होने के बाद क्रेन के सहारे बाद में गाड़ी को निकाला गया।
एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे हुई। महिला अपनी कार से उलवे की ओर जा रही थी। बेलापुर की तरफ पुल से जाने की बजाय उसने गूगल मैप्स के सहारे नीचे का रास्ता पकड़ लिया। वह तेजी के साथ सीधे ध्रुव तारा जेट्टी की खाई में गिर गई।
बेलापुर के पुलिस अधिकारी नारायण पालमपल्ले ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत ही समुद्री सुरक्षा गार्डों के साथ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद उसे एक नाव की मदद से सुरक्षित बचाया गया। गूगल मैप्स के कारण लोगों के गलत जगह जाने और दुर्घटना होने का यह मामला नया नहीं है। इससे पहले भी गूगल मैप्स की वजह से कई दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले साल, गूगल मैप्स के निर्देशों का पालन करते हुए एक कार निर्माणाधीन पुल से नीचे गिर गई थी, जिसकी वजह से तीन लोगों की जान चली गई थी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved