img-fluid

फिलीपीन में चक्रवात ‘कालमेगी’ ने मचाई तबाही… रेस्क्यू में जुटा वायुसेना का हेलीकॉप्टर हुआ क्रेश

November 05, 2025

मनीला। फिलीपीन (Philippines.) की वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर (Air Force Helicopter) सोमवार को देश के दक्षिणी हिस्से में उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जब वह समुद्री चक्रवात ‘कालमेगी’ (Cyclone Kalmaegi) के चलते मची तबाही के बाद राहत कार्य में मदद के लिए उड़ान भर रहा था। इस हेलीकॉप्टर पर पांच सैन्यकर्मी (Five Military Personnel) सवार थे। सेना की पूर्वी मिंडानाओ कमान ने एक बयान में कहा कि सुपर ह्युए हेलीकॉप्टर दक्षिणी अगुसन डेल सुर प्रांत के लोरेटो शहर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर सवार वायुसेना के उन कर्मचारियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं, जिन्हें तूफान से प्रभावित प्रांतों में मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए तैनात किया गया था। सैन्य अधिकारियों ने दुर्घटना के बारे में अन्य विवरण तुरंत नहीं दिए, जिसमें हेलीकॉप्टर में सवार वायुसेना के पांच कर्मचारियों की स्थिति और दुर्घटना के संभावित कारण शामिल हैं।


बता दें कि ‘कालमेगी’ के कारण अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है और व्यापक स्तर पर बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ के कारण कुछ गांवों में लोग छतों पर फंसे हैं। ‘कालमेगी’ को आखिरी बार मध्य गुइमारास प्रांत के जॉर्डन शहर के तटीय जलक्षेत्र में 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति वाली निरंतर हवा और 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज गति वाली हवा के झोंके के साथ देखा गया। पश्चिमी प्रांत पलावन से टकराने के बाद मंगलवार देर रात या बुधवार तड़के इसके दक्षिण चीन सागर की तरफ बढ़ जाने का अनुमान था।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी लेयटे में एक वृद्ध ग्रामीण बाढ़ के पानी में डूब गया, जहां पूरे प्रांत में बिजली गुल होने की खबर है और मध्य बोहोल प्रांत में एक गिरे हुए पेड़ की चपेट में आने से एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। मध्य सेबू प्रांत में तीन अन्य लोगों की मौत हो गई, जहां अधिकारियों ने कई कस्बों और गांवों में बाढ़ आने की जानकारी दी है।

फिलीपीन में रेड क्रॉस के महासचिव ग्वेन्डोलिन पैंग ने कहा कि सेबू के तटीय शहर लिलोन में बाढ़ के पानी के कारण अनिश्चित संख्या में निवासी अपनी छतों पर फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि कारें या तो बाढ़ में डूब गई हैं या बहकर सेबू के अन्य इलाके में चली गई हैं। एक अधिकारी ने कहा कि हमें बहुत सारी कॉल आ रही हैं। लोग छतों और घरों से बचाव की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन फिलहाल यह संभव नहीं है। चारों तरफ मलबा है और गाड़ियां तैर रही हैं। हमें बाढ़ का पानी कम होने का इंतजार करना होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, ‘कालमेगी’ इस वर्ष फिलीपीन को प्रभावित करने वाला 20वां उष्णकटिबंधीय चक्रवात है। आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि समुद्री चक्रवात के तट पर पहुंचने से पहले पूर्वी फिलीपीन के प्रांतों में 1.5 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने तीन मीटर तक ऊंची समुद्री लहरें, भारी वर्षा और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।

बता दें कि इससे पहले नवंबर 2013 में आए ‘हैयान’ चक्रवात में 7,300 से अधिक लोग मारे गए थे या लापता हो गए थे और लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा था।

Share:

  • बिहार चुनाव : प्रचार करने पहुंचे सीएम मोहन यादव का आरोप, बोले- सभा रोकने की साजिश खोदा हेलीपेड

    Wed Nov 5 , 2025
    भोपाल/पटना. बिहार चुनाव (Bihar Elections) प्रचार के अंतिम दिन मध्य प्रदेश (MP) के मुख्यमंत्री (CM) और बीजेपी के स्टार प्रचारक मोहन यादव (Mohan Yadav) ने महागठबंधन (विपक्षी गठबंधन) पर उनकी जनसभा को रोकने की गंभीर साजिश का आरोप लगाया है. यह आरोप पटना जिले की मनेर विधानसभा में उनकी रैली के दौरान लगा. CM मोहन […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved