
श्रावस्ती: राजधानी दिल्ली (Delhi) में सोमवार शाम हुए भीषण धमाके (Massive Explosions) में नौ लोगों की मौत और 24 लोग घायल हो गए. मृतकों में उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले (Shravasti District) के 32 वर्षीय दिनेश कुमार मिश्रा (Dinesh Kumar Mishra) भी शामिल हैं. जैसे ही दिनेश की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
गणेशपुर गांव का दिनेश पिछले करीब 15 वर्षों से दिल्ली में रह रहा था. वह एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था. घरवालों के मुताबिक, दिनेश अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. दिनेश की 12 साल पहले रीना देवी से शादी हुई थी. उसके घर में माता-पिता, पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं. बड़ा बेटा हिमांशु (8 वर्ष) पिता के साथ दिल्ली में ही रह रहा था, जबकि दो बेटियां बिट्टा (7 वर्ष) और श्रृष्टि (4 वर्ष) गांव में मां के साथ रहती थीं.
वहीं, पिता भूरे मिश्रा ने बताया कि जब उन्होंने टीवी पर दिल्ली मेट्रो स्टेशन के पास धमाके की खबर देखी तो घबराहट में उन्होंने अपने बड़े बेटे को फोन किया. दिनेश का फोन नहीं लगने पर उन्हें अनहोनी का अंदेशा हुआ. काफी देर बाद सूचना मिली कि दिनेश भी उन नौ लोगों में शामिल है जिनकी जान इस धमाके ने ले ली.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved