
इंदौर। शहर में दिन और रात के तापमान में लगातार तेजी का दौर जारी है। कल रात से आज सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री तक पहुंचा। खास बात यह है कि पिछली 8 रातों में ही तापमान में 10 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यह तापमान दिसंबर और जनवरी में दर्ज सर्वाधिक तापमान भी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवाओं का रुख उत्तरी से बदलकर दक्षिणी होने के कारण तापमान में बड़ी तेजी आई है, वहीं आज रात से दोबारा गिरावट देखने को मिलेगी।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों की अपेक्षा 2 डिग्री ज्यादा था, वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 6 डिग्री और कल की अपेक्षा 2.6 डिग्री ज्यादा था। वहीं 15 जनवरी की रात दर्ज 6.2 डिग्री तापमान की अपेक्षा यह 10 डिग्री ज्यादा था, यानी 8 रातों में ही तापमान में 10 डिग्री की बढ़त हुई और यह ढाई गुना से ज्यादा बढ़ गया। कल से हवाओं का रुख दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। हवाओं की अधिकतम रफ़्तार 13 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवाओं का रुख बदलने के कारण ही तापमान में इतनी बढ़ोतरी हुई है।
सर्दी में गर्मी का एहसास
जनवरी को ठंड का सबसे प्रमुख महीना माना जाता है, इसके बावजूद पिछले कुछ दिनों से दिन और रात के तापमान में लगातार हो रही बढ़त और दिन में तेज धूप की वजह से गर्मी का एहसास होने लगा है, वहीं सूरज ढलने के बाद भी तापमान ज्यादा होने से तीखी ठंड गायब है। हवाओं में हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जिससे मौसम सुहाना लग रहा है। इससे शहर को तीखी ठंड से राहत भी मिली है।
आज से फिर बदलेगा मौसम
उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से आज रात से ही तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जो अगले दो-तीन दिनों तक लगातार जारी रहेगी, जिससे एक बार फिर शहर में तीखी ठंड महसूस हो सकती है। इसके बाद फिर तापमान में थोड़ी तेजी आएगी।
8 रातों का बढ़ता तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
15 जनवरी 26.1 6.2
16 जनवरी 28.2 9
17 जनवरी 30 12
18 जनवरी 25 8.2
19 जनवरी 24.9 8.4
20 जनवरी 25 12.2
21 जनवरी 26.4 13.6
22 जनवरी 28.8 16.2
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved