
नई दिल्ली । क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) के तूफानी शतक के दम पर साउथ अफ्रीका (Africa) ने वेस्टइंडीज (West Indies) को दूसरे टी20 में 8 विकेट से रौंदा। 222 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए डी कॉक ने अकेले ही 115 रन ठोक दिए। साउथ अफ्रीका के इस सलामी बल्लेबाज ने 49 गेंदों पर 6 चौकों और 10 गगनचुंबी छक्कों की मदद से यह शानदार पारी खेली। इन 10 छक्कों के साथ डी कॉक ने एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में रोहित शर्मा और क्रिस गेल जैसे दिग्गजों की बराबरी कर ली है। जी हां, आईए एक नजर उन खिलाड़ियों की लिस्ट पर डालते हैं जिन्होंने एक टी20 पारी में सबसे ज्यादा सिक्स जड़े हैं।
क्विंटन डी कॉक ने की रोहित शर्मा की बराबरी
क्विंटन डी कॉक T20I क्रिकेट में एक पारी में 10 छक्के लगाने वाले दुनिया के 27वें खिलाड़ी बने हैं। रोहित शर्मा ने भी अपने करियर में एक पारी में सबसे अधिक 10 छक्के लगाए हैं। वहीं उनके अलावा तिलक वर्मा, क्रिस गेल और संजू सैमसन भी इस लिस्ट में मौजूद हैं। हालांकि गेल के नाम 11 छक्के जड़ने का भी रिकॉर्ड है।
एक पारी में किसने जड़े सबसे ज्यादा सिक्स?
एक टी20 पारी में सबसे ज्यादा 18 छक्के जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड एस्तोनिया के साहिल चौहान के नाम है। 2024 में उन्होंने साइप्रस के खिलाफ 144 रनों की पारी खेलते हुए यह कमाल किया था। वहीं अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई और न्यूजीलैंड के फिन एलन 16-16 छक्कों के साथ इस लिस्ट में मौजूद हैं।
भारत के लिए एक पारी में किसने जड़े सबसे ज्यादा सिक्स?
भारत के लिए एक टी20 पारी में सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम है। इस युवा सलामी बल्लेबाज ने पिछले साल 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 135 रनों की पारी खेलते हुए 13 सिक्स लगाए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved