
मुंबई। टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत शनिवार से होगी। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जा रहा है जिसमें 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली गत चैंपियन भारतीय टीम खिताब की सबसे प्रबल दावेदार है। भारत के पास लगातार दूसरा और कुल तीसरा टी20 विश्व कप का खिताब जीतने का मौका होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत भव्य उद्घाटन समारोह से होगी जिसमें बॉलीवुड के मशहूर रैपर बादशाह और अभिनेत्री नोरा फतेही अपने प्रदर्शन से चार चांद लगाएंगे।
टी20 विश्व कप के पहले दिन तीन मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे से कोलंबो में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच कोलकाता में दोपहर तीन बजे से वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच होगा। तीसरे मैच में भारत का सामना मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका से होगा। भारत और अमेरिका के बीच यह मैच शाम सात बजे से खेला जाएगा।
टी20 विश्व कप का उद्घाटन समारोह भारत और अमेरिका के बीच मैच से ठीक पहले होगा। रंगारंग कार्यक्रम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। इसमें बादशाह और नोरा फतेही के अलावा संगीतकार ऋषभ रिखिराम शर्मा भी प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे से होगी। केवल मैच के टिकट धारक ही उद्घाटन समारोह में शामिल हो सकेंगे।
पिछले बार की तरह इस बार भी टी20 विश्व कप में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन सभी टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है जिसमें प्रत्येक ग्रुप में पांच टीमें शामिल हैं। ग्रुप चरण के बाद सुपर आठ चरण होगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें इस चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी। सुपर आठ चरण में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा जिसमें प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें होंगी। इनमें से दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी जिसके बाद दो टीमें फाइनल मुकाबला खेलेंगी। इस बार जो टीमें इस वैश्विक टूर्नामेंट में खेलेंगी उनमें भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान, अमेरिका, स्कॉटलैंड (बांग्लादेश की जगह), इटली, इंग्लैंड, नेपाल, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved