
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने आज फिर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दस लाख की ब्राउन शुगर जब्त हुई है। उसके खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तरह केस दर्ज किया है। शहर में ड्रग्स का कारोबार हर क्षेत्र में फैल चुका है। पुलिस लगातार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है। आज सुबह क्राइम ब्रांच ने फिर भागीरथपुरा निवासी एक तस्कर चिंटू उर्फ चींटी पिता रवि वर्मा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से थैली में 102 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त हुई है, जिसकी कीमत दस लाख से अधिक है।
उसके खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तरह केस दर्ज कर लिया है। उसे आज कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। डीसीपी क्राइम राजेशकुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पहले भी ड्रग्स के मामले में पकड़ा जा चुका है। वह राजस्थान के तस्करों से ब्राउन शुगर लाकर इंदौर में पुडिय़ा बनाकर नशेडिय़ों को बेचता है।
अब पुलिस उसका पुराना आपराधिक रिकार्ड भी खंगाल रही है, वहीं राजस्थान के संपर्क के बारे में मोबाइल की कॉल डिटेल से पता लगाया जा रहा है, ताकि प्रमुख तस्कर को भी पकड़ा जा सके। ज्ञातव्य रहे कि क्राइम ब्रांच लगातार ड्रग्स तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। रोजाना एक दो तस्कर क्राइम ब्रांच पकड़ रही है। इस साल एक माह में ही 15 से अधिक तस्करों को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। जबकि पिछले साल 180 तस्करों को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा था और आठ करोड़ से अधिक का नशा जब्त किया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved