
नई दिल्ली: बांग्लादेश में आम चुनाव (General elections in Bangladesh) से दो दिन पहले, 9 फरवरी की रात को अज्ञात हमलावरों ने एक हिंदू व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी. यह घटना बांग्लादेश के उसी मयमनसिंह जिले (Mymensingh district) में हुई. जहां एक और हिंदू शख्स दीपू चंद्र दास को पहले पीट-पीटकर मार डाला गया, फिर उसके शव को जला दिया गया था.
62 साल के सुशेन चंद्र सरकार चावल व्यापारी थे और दक्षिणकांडा गांव में रहते थे. वह बाजार के चौराहे पर ‘भाई भाई एंटरप्राइज’ नाम से दुकान चलाते थे. पुलिस के मुताबिक, मर्डर रात 11 बजे बाजार के चौराहे पर हुआ. अज्ञात हमलावरों ने सरकार पर धारदार हथियार से हमला किया, उन्हें दुकान के अंदर छोड़ दिया और शटर बंद कर दिया. मर्डर के बाद उन्होंने दुकान से लाखों रुपये भी लूट लिए.
पुलिस ने बताया कि व्यापारी के घरवाले जब उन्हें ढूंढ़ते हुए पहुंचे तो उन्हें वह दुकान के अंदर खून से लथपथ मिले. फिर उन्हें तुरंत मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. व्यापारी के घरवालों ने बताया कि हत्यारों ने उनकी हत्या के बाद दुकान से पैसे चुरा लिए. उनके परिवार का कहना है कि वह लंबे समय से चावल का व्यापार कर रहे थे, उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved