
खंडवा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के खंडवा शहर (Khandwa City) में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बवाल (Uproar Social Media post) हो गया। जिसके बाद शिकायत दर्ज कराने मोघट थाने में आई भीड़ ने हंगामा करते हुए थाने परिसर में ही पथराव (Stone Pelting) कर दिया। ऐसे में पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए मामला संभाला और लाठी चार्ज करते हुए भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इस दौरान पुलिस की पिटाई के डर से लोग थाने से निकलकर इधर-उधर भागते नजर आए और इसी आपाधापी में उनके चप्पल-जूते भी सड़क पर ही छूट गए। भीड़ के हटने के बाद इमलीपुरा सहित तमाम इलाकों में पथराव करने वाले आरोपियों की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान भी चलाया गया, लेकिन कोई भी आरोपी हाथ नहीं आया।
थाने पर बढ़ती भीड़ और इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए परिस्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। इस दौरान कोतवाली थाना और पदम नगर थाने का पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। साथ ही खंडवा एडिशन एसपी महेन्द्र तारनेकर और राजेश रघुवंशी के साथ तमाम पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
बड़ी संख्या में थाने पहुंचे मुस्लिम समुदाय के लोग
यह पूरा मामला खंडवा के मोघट थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि यहां पर एक युवक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की थी, जो कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली थी। इसी पोस्ट से नाराज होकर फरियादी मुजाहिद कुरैशी मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ शिकायत करने मोघट थाना पहुंचा था। पुलिस ने सुनवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी को दबोचा
ASP महेंद्र तारनेकर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले में BNS की धारा 199 के तहत FIR दर्ज की गई और जिस युवक ने यह आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी, उसे तुरंत ढूंढकर राउंड-अप भी कर लिया। उन्होंने बताया कि फरियादी मुजाहिद के साथ बड़ी संख्या में भीड़ थाना परिसर में पहुंची थी और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करने लगी, जिससे लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति निर्मित हो गई। इसके बाद सिटी एसपी ने तीन थानों के बल के साथ स्थिति को संभाला।
पुलिस की जनता से अपील- कुछ भी आपत्तिजनक लगे तो पुलिस को बताएँ
ASP तारनेकर ने कहा कि स्थिति शांतिपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारी ये जिम्मेदारी बनती है कि अगर मोबाइल पर कोई कुछ भी डालता है तो हम उस पर प्रतिक्रिया ना दें बल्कि पुलिस के पास उसकी शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि कृपया करके सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया ना दें। क्योंकि समाज है, और समाज में सभी तरह के लोग हैं और मोबाइल सभी के पास है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved